देश-दुनियाफीचर्डविविध

फरवरी तक मैदान में नहीं हो पाएगी वापसी, सूर्यकुमार यादव के टखने की चोट गंभीर

सूर्यकुमार यादव जोहानिसबर्ग टी20 में चोटिल हो गए थे. फील्डिंग के दौरान उनका टखना मुड़ गया था. स्कैन के बाद साफ हुआ है कि वह अगले दो से ढाई महीने तक मैदान में वापसी नहीं कर पाएंगे…

नईदिल्ली (ए)। टीम इंडिया को हाल ही में अपनी कप्तानी में बैक टू बैक टी20 सीरीज में जीत दिलाने वाले सूर्यकुमार यादव के टखने की चोट गंभीर है. ऐसे में वह अब फरवरी तक क्रिकेट के मैदान में वापसी नहीं कर पाएंगे. एक रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है।

इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि सूर्यकुमार यादव जब पिछले हफ्ते दक्षिण अफ्रीका से भारत लौटे तो उनके टखने का स्कैन किया गया. इसमें ग्रेड-2 स्तर का टियर (फटना) पाया गया. ऐसे में चोट की गंभीरता को देखते हुए अब वह जनवरी में अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को लगा झटका
अफगानिस्तान सीरीज टी20 वर्ल्ड कप के पहले टीम इंडिया की आखिरी टी20 सीरीज है. टीम इंडिया को अपनी टी20 वर्ल्ड कप तैयारियों के लिए सही कॉम्बिनेशन खोजने के लिए भी यही एकमात्र सीरीज बची है. ऐसे में इस सीरीज से सूर्या के गैर मौजूद रहने के कारण भारतीय टीम की टी20 वर्ल्ड कप तैयारियों को कुछ हद तक झटका जरूर लगेगा।

जोहानिसबर्ग टी20 में लगी थी चोट
तीन मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में फील्डिंग के दौरान सूर्या का टखना मुड़ गया था. इस मुकाबले की पहली पारी में सूर्या ने लाजवाब शतक जमाया था. इसके बाद जब दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी आई तो तीसरे ओवर में प्रोटियाज बल्लेबाज द्वारा लगाए गए एक शॉट को रोककर गेंद को थ्रो करने के दौरान उन्हें यह चोट लगी थी।

इसके बाद उन्हें फौरन फिजियो द्वारा मैदान से बाहर ले जाया गया था. यहां उप कप्तान रवींद्र जडेजा ने बाकी मैच में टीम इंडिया की कमान संभाली थी. टीम इंडिया ने यह मैच 106 रन से जीता था और सूर्यकुमार यादव ‘प्लेयर ऑफ दी मैच’ रहे थे. मैच के बाद प्रजेंटेशन सेरेमनी में जब सूर्यकुमार यादव से उनकी चोट के बारे में पूछा गया था, तो उनका जवाब था कि मैं ठीक हूं. मैं चल सकता हूं. यानी चोट ज्यादा गंभीर नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button