खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

जब सरकार खुद लोगों के दरवाजे तक जाती है तो भेदभाव खत्म होता है, भ्रष्टाचार खत्म होता है, भाई-भतीजावाद खत्म होता है : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आजादी के दशकों दशक बीत गए, लेकिन दमन, दीव, दादरा और नगर हवेली में एक मेडिकल कॉलेज नहीं बना था…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में नमो मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन सहित कई प्रोजेक्ट राष्ट्र को समर्पित किए. इस दौरान उन्होंने कहा कि कोई कल्पना नहीं कर सकता है कि इतने छोटे क्षेत्र में चारों दिशा में आधुनिक और तेज गति से विकास कैसा होता है, ये हमने देखा है।

पीएम ने कहा, “देश में तुष्टीकरण पर नहीं संतुष्टीकरण पर बल दिया जा रहा है. जब सरकार खुद लोगों के दरवाजे तक जाती है तो भेदभाव खत्म होता है, भ्रष्टाचार खत्म होता है, भाई-भतीजावाद खत्म होता है: हमने ये समाप्त किया है और लोगों के लिए काम किया है।” 

पीएम मोदी ने कहा कि ये हमारा सिलवासा अब पहले वाला नहीं है, अब ये कॉस्मोपॉलिटन हो गया है. हिंदुस्तान का कोई कोना ऐसा नहीं होगा, जहां के लोग सिलवासा में न रहते हों. पिछले 9 सालों में हमने देश में एक नई कार्यशैली विकसित की है. अब जिस कार्य की नींव रखी जाती है, उसे तेजी से पूरा करने का भी भरसक प्रयास किया जाता है. एक काम पूरा करते ही हम दूसरा काम शुरू कर देते हैं. उन्होंने आगे कहा कि हमने विकास के लिए पिछले पांच सालों में 5 हजार 500 करोड़ रुपये खर्च किए।

पीएम ने कहा कि आजादी के दशकों दशक बीत गए, लेकिन दमन, दीव, दादरा और नगर हवेली में एक भी मेडिकल कॉलेज नहीं बना. जिन्होंने दशकों तक देश पर शासन किया उन्हें यहां के युवाओं के साथ हो रहे अन्याय की चिंता कभी नहीं हुई. वे समझते थे कि इस छोटे से केंद्र शासित प्रदेश का विकास करके उन्हें कुछ हासिल नहीं होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि हमने 2014 में सरकार में आने के बाद पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया. नमो मेडिकल कॉलेज में हर साल 150 स्थानीय युवाओं को दाखिला मिलेगा. ये मेडिकल कॉलेज केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नागर हवेली, दमन और दीव की राजधानी में 203 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है।

इस अत्याधुनिक चिकित्सा महाविद्यालय में नवीनतम अनुसंधान केंद्र, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं से सुसज्जित केंद्रीय पुस्तकालय है. तो वहीं विशेष चिकित्सा कर्मचारी, चिकित्सा प्रयोगशालाएं, स्मार्ट लेक्चर हॉल, अनुसंधान प्रयोगशालाएं, शरीर रचना संग्रहालय, क्लब हाउस और खेल जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं।

इस दौरान पीएम मोदी सिलवासा के सायली मैदान में 4850 करोड़ रुपये से अधिक की 96 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे. इन परियोजनाओं में दादरा और नगर हवेली जिले के मोरखल, खेरडी, सिंदोनी और मसाट के सरकारी स्कूल शामिल हैं. इसके बाद वो दमन में देवका सीफ्रंट राष्ट्र को समर्पित करेंगे. लगभग 165 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 5.45 किलोमीटर का यह सीफ्रंट बनाया गया है. पीएम मोदी दमन में एक रोड शो भी करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button