खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

सावन की सोमवारी पर सिद्धेश्वर नाथ में हादसा, भगदड़ में 7 लोगों की मौत

हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक सात लोगों की मौत की पुष्टि की गई है लेकिन यह संख्या और बढ़ सकती है. कई लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है…

जहानाबाद (ए)। आज सावन की चौथी सोमवारी है और बिहार के जहानाबाद में रविवार की देर रात एक बड़ा हादसा हो गया. मखदुमपुर के वाणावर स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर के बाहर मची भगदड़ में सात लोगों की मौत हो गई. ये सभी लोग आज सोमवारी पर जल चढ़ाने के लिए पहुंचे थे. मृतकों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल हैं।

हालांकि प्रशासन की ओर से सात लोगों की मौत की पुष्टि की गई है, लेकिन जिस तरह से घटना हुई है और श्रद्धालु घायल हुए हैं ऐसे में यह संख्या और बढ़ सकती है. कई लोगों को इलाज के लिए स्थानीय मखदुमपुर अस्पताल और जहानाबाद सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस प्रशासन की टीम पहुंची. राहत बचाव का कार्य तुरंत शुरू कराया गया. दरअसल, सावन के महीने में बाबा सिद्धेश्वर नाथ मंदिर में जल चढ़ाने के लिए काफी संख्या में भीड़ होती है. सोमवारी के मौके पर भीड़ बढ़ जाती है. इसको देखते हुए बीते रविवार की रात से ही जल चढ़ाने के लिए लोगों की भीड़ पहुंचने लगी थी. बता दें कि पहाड़ के ऊपर मंदिर है और लोग चढ़कर जल चढ़ाने के लिए यहां जाते हैं।

इस पूरे मामले में एसडीओ विकास कुमार ने कहा कि इस पर वह थोड़ी देर में आधिकारिक तौर पर कुछ बता पाएंगे. इस सवाल पर कि क्या सुरक्षा में कमी थी? इस पर उन्होंने कहा कि रविवार की रात में ज्यादा भीड़ होती है. तीन सोमवारी के बाद ये चौथी सोमवारी थी. हम लोग इसको देखते हुए सतर्क थे. जिस तरह से सिविल, मजिस्ट्रेट, मेडिकल टीम की तैनाती होती है उस तरह से की गई थी. ये दुखद घटना है. आगे की जो प्रक्रिया वो पहले हम लोग कर रहे हैं।

घटना के संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि भगदड़ के बाद श्रद्धालु गिर गए थे. दम घुटने लगा था. एक प्रत्यक्षदर्शी ने प्रशासन पर आरोप लगाया. कहा कि लाठीचार्ज करने की वजह से यह हादसा हुआ है. एनसीसी के लोग ड्यूटी कर रहे थे. बिहार पुलिस का कोई नहीं था. वहीं जल चढ़ाने के लिए पहुंचे एक और व्यक्ति ने बताया कि पहाड़ पर ऊपर में पुलिस और लोगों में बहस के बाद लाठी चलाई गई तो लोग पीछे की तरफ भागने लगे. उसी में यह घटना हो गई है. लोग नीचे की तरफ गिरते चले गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button