खास खबरफीचर्डविविध

स्पिनरों ने भारत की कराई मैच में वापसी, गर्दन में मोच के बाद शुभमन अस्पताल में भर्ती

हार्मर ने भारतीय बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया। भारत ने किसी तरह बढ़त हासिल की, लेकिन हार्मर ने यह सुनिश्चित किया कि भारत बढ़त को मजबूत नहीं बना सके। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने 27, अक्षर पटेल ने 14, ध्रुव जुरेल ने 14, यशस्वी जायसवाल ने 12, कुलदीप यादव ने 1, मोहम्मद सिराज ने 1 और जसप्रीत बुमराह ने नाबाद 1 रन बनाए…

 

कोलकाता (ए)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल समाप्त हो गया है। रवींद्र जडेजा की अगुआई में स्पिनरों के शानदार प्रदर्शन से भारत इस मुकाबले में वापसी करने में सफल रहा है। भारत की पहली पारी 189 रन पर समाप्त हुई थी और उसने 30 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी। दक्षिण अफ्रीका ने दिन के खेल की समाप्ति तक दूसरी पारी में सात विकेट पर 93 रन बनाए हैं और उसकी बढ़त 63 रन की हो गई है। स्टंप्स के समय तेम्बा बावुमा 29 और कॉबिन बॉश एक रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच कोलकाता के ईडन गार्डेंस में खेले जा रहे इस मैच में गेंदबाजों का दम देखने मिला है। पहले दिन जहां कुल 11 विकेट गिरे थे, वहीं दूसरे दिन 15 विकेट गिरे। शनिवार को तो स्पिनरों का दम देखने मिला। भारत के लिए दूसरी पारी में अब तक सभी सात विकेट स्पिनरों को मिले हैं। भारत को पहली पारी में ऑलआउट करने के बाद दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज स्पिनरों के सामने संघर्ष करते नजर आए। जडेजा की अगुआई में भारतीय स्पिनरों ने मेहमान टीम के बल्लेबाजों को परेशान किया। जडेजा ने सबसे ज्यादा चार विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव को दो और अक्षर पटेल को एक सफलता मिली है। भारत के पास यह मैच जीतने का यह सुनहरा अवसर है। भारतीय टीम कोशिश होगी कि तीसरे दिन दक्षिण अफ्रीका की पारी जल्द से जल्द समाप्त करे।

कुलदीप ने सबसे पहले रेयान रिक्लेटन को आउट किया जो 11 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद जडेजा ने एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, टॉनी डि जॉर्जी और ट्रिस्टन स्टब्स को आउट कर मेहमान टीम को एक के बाद एक चार झटके दिए। जडेजा ने दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी एक दम से लड़खड़ा दी। इसके बाद काइल वेरने को अक्षर पटेल ने बोल्ड किया, जबकि दिन के खेल की समाप्ति से ठीक पहले कुलदीप ने मार्को यानसेन को अपना शिकार बनाया। भारत के सामने अब बावुमा दीवार बन सकते हैं और भारतीय गेंदबाजों की कोशिश तीसरे दिन उन्हें जल्द आउट करने पर टिकी होंगी।

इससे पहले, दूसरे दिन केएल राहुल और वाशिंगटन सुंदर ने भारत की पहली पारी आगे बढ़ाई। और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई। वाशिंगटन के आउट होने के साथ ही इस साझेदारी का अंत हुआ। वाशिंगटन 82 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हुए। वाशिंगटन के आउट होने के बाद गिल क्रीज पर उतरे थे। उन्होंने मैदान पर आते ही चौके के साथ खाता खोला, लेकिन उनके गर्दन में दर्द होने लगा। इसके बाद फिजियो मैदान पर आए और गिल उनके साथ मैदान से बाहर चले गए। भारतीय टीम को केएल राहुल के रूप में तीसरा झटका लगा है। केएल राहुल अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन केशव महाराज के रूप में स्लिप में कैच थमा बैठे। राहुल 119 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से 39 रन बनाकर आउट हुए। भारत को ऋषभ पंत के रूप में चौथा झटका लगा जो 24 गेंदों पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाकर आउट हो गए हैं।

भारतीय कप्तान शुभमन गिल रिटायर्ड होकर मैदान से बाहर चले गए। अब खबर आ रही है कि उन्हें गर्दन में गंभीर मोच आई है, जिसकी वजह से गिल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसे में उनका बाची बचे मुकाबले में खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।

स्पिनर साइमन हार्मर की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में गिल की गर्दन में अकस्मात तेज जकड़न आ गई। ड्रेसिंग रूम में उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया और गर्दन पर सहारा देने के लिए कॉलर लगाया गया। लेकिन तबीयत में सुधार न होने पर शनिवार को उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गर्दन को सर्वाइकल कॉलर से स्थिर किया गया। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार गिल को अब लगातार निगरानी में रखा जाएगा और उनकी चोट की गंभीरता जानने के लिए आगे की जांच की जाएगी। ऐसे में उनके आगे खेलने को लेकर संशय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button