देश-दुनियाफीचर्ड

बजाज ग्रुप के पूर्व चेयरमैन राहुल बजाज का निधन: बजाज चेतक से बदल डाली थी कंपनी की किस्मत, स्कूटर पर थी 10 साल की वेटिंग

एक समय पर बजाज मिडिल क्लास के लोगों की पहली पसंद था, कंपनी की तरफ से जारी किया गया ‘हमारा बजाज’ कैंपेन भी लोगों की जुबान पर चढ़ गया था…

 

नईदिल्ली (ए)। बजाज ग्रुप के पूर्व चेयरमैन राहुल बजाज का शनिवार (12 फरवरी, 2022) को निधन हो गया। वह 83 साल के थे। 10 जून 1938 को जन्मे राहुल बजाज ने 40 से ज्यादा सालों तक बजाज ग्रुप के चेयरमैन का पद संभाला था। राहुल बजाज ने पिछले साल अप्रैल में बजाज ऑटो के अध्यक्ष के रूप में इस्तीफा दे दिया था। वह राहुल बजाज ही थे, जिन्होंने आइकॉनिक बजाज चेतक स्कूटर के जरिए कंपनी की किस्मत बदल डाली थी।

हर किसी की जुबान पर था ‘हमारा बजाज’- राहुल बजाज के नेतृत्व में बजाज समूह ने तेजी से ग्रोथ की थी। उनकी लीडरशिप में ही कंपनी ने 1972 में बजाज चेतक स्कूटर को पेश किया था। इसकी बिक्री 2006 तक की गई थी। भारत के महान योद्धा महाराणा प्रताप के प्रसिद्ध घोड़े के नाम पर इसे चेतक नाम मिला था। स्कूटर का डिज़ाइन इटली के Vespa स्कूटरों से काफी प्रेरित था।

मिडिल-क्लास की पहली पसंद था बजाज- चेतक भारत में ब्रांड के लिए एक बड़ी सफलता बन गया और एक समय पर बजाज मिडिल क्लास के लोगों की पहली पसंद था। कंपनी की तरफ से जारी किया गया ‘हमारा बजाज’ कैंपेन भी लोगों की जुबान पर चढ़ गया था। moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, एक समय पर बजाज चेतक पर 10 साल तक का वेटिंग पीरियड हो गया था। उस समय कंपनियां सीमित यूनिट्स का ही प्रोडक्शन किया करती थीं, जिस वजह से इतना वेटिंग पीरियड रहता था।

हालांकि, धीरे-धीरे बाजार में सस्ती बाइक्स आने लगीं और स्कूटर की बिक्री हल्की पड़ गई। राहुल बजाज ने मोटरसाइकिल सेगमेंट में भी एंट्री की और इसके लिए कंपनी ने जापान की कंपनी कावासाकी के साथ पार्टनरशिप की थी।

साल 2006 आते-आते बजाज चेतक स्कूटर की बिक्री बंद करने का फैसला किया गया। 2001 में आई कंपनी की बजाज पल्सर ने फिर बाइक सेगमेंट में अपनी धाक जमाई। कंपनी फिलहाल Bajaj Pulsar के 9 से ज्यादा मॉडल्स की बिक्री करती है, जबकि बजाज चेतक को अब इलेक्ट्रिक वेरिएंट में बेचा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button