दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

धर्म जागरण पखवाड़ा का आठवां दिन: भारी बारिश में भी कम नहीं हुआ लोगों का उत्साह, बड़ी संख्या में पदयात्रा में शामिल हुए लोग

भारी बारिश में भी कम नहीं हुआ लोगों का उत्साह, बड़ी संख्या में पदयात्रा में शामिल हुए लोग

भिलाई। धर्म जागरण पखवाड़ा के आठवें दिन आज रिसाली एवं दुर्ग शहर में पदयात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों औऱ सामाजिक संगठनों से जुड़े सदस्यों ने अपनी सहभागिता दी। सुबह तेज बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं ने भीगते हुए पूरे रिसाली क्षेत्र का भ्रमण कर धर्मांतरण के विरूद्ध अपनी आवाज बुलंद की। वहीं दुर्ग में इंदिरा मार्केट क्षेत्र के व्यापारियों ने भी इस अभियान का एक स्वर में समर्थन किया। धर्म जागरण के इस अभियान में आज 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला दुर्गा देवी व रूपा बाई ने भी अपनी सहभागिता देते हुए मिसाल पेश की, जिनका सम्मान समिति द्वारा श्रीफल से किया गया। धर्म जागरण के इस अभियान में आज लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

धर्मांतरण के विरूद्ध आयोजित धर्म जागरण पखवाड़ा में अब बड़ी संख्या में लोग और सामाजिक संगठन जुड़ने लगे हैं। आयोजन के आठवें दिन जिले में शिवनाथ नदी से खारून नदी के बीच अब लोग स्वस्फूर्त जुड़कर धर्मांतरण के विरूद्ध लोगों को जागरूक कर रहे हैं। इसी कड़ी में रिसाली में 80 वर्षीय वृद्धा दुर्गा देवी व रूपा बाई ने भी पदयात्रा में सहभागिता देते हुए लोगों से अपने धर्म के प्रति आस्था रखने की अपील की। समिति के युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने इस दौरान तेज बारिश में भी लोगों को धर्म के प्रति जागरूक करने के लिए पदयात्रा में शामिल सभी महिलाओं और युवा साथियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह उत्साह और समर्पण ही हमारी एकता ही पहचान है। जिसे कोई भी विखण्डित नहीं कर सकता। भले ही कोई राष्ट्रविरोधी ताकत हमारी इस एकता को तोड़ने का प्रयास करे लेकिन हम सब एक हैं और सदैव एक रहेंगे।

कान्हा महाराज ने भी इस पदयात्रा में सहभागिता देते हुए लोगों से आव्हान किया कि जिस धर्म के साथ हमने इस दुनिया में जन्म लिया है उसे कभी किसी के प्रलोभन में आकर परिवर्तित न करें। यह धर्म ही हमारी पहचान है और हमें आगे बढ़ने का मार्ग दिखाती है। धर्म परिवर्तन कर हम न केवल अपनी आस्था परिवर्तित करते हैं बल्कि अपनी पहचान भी परिवर्तित करते हैं। समिति के जिलाध्यक्ष सेवकराम साहू ने भी लोगों से अपील करते हुए कहा कि हम भले ही विभिन्न प्रांतों से आये हों और हमारी भाषाएं अलग हैं लेकिन हम हिन्दू हैं, यही हमारी पहचान है और हमारी एकता का सूत्र। यदि हम किसी के प्रलोभन में आकर धर्म परिवर्तन करते हैं तो निश्चित ही हमारी पहचान औऱ एकता दोनों ही इससे प्रभावित होगी। पदयात्रा में मुख्य रूप से बुद्धन ठाकुर, विष्णु पाठक, काशीनाथ शर्मा, राजदीप यादव, रविन्द्र भगत, गारगी शंकर मिश्र, पीयूष मिश्र, श्रीमती रीना नैय्यर, रंग बहादुर सिंह, मुकेश सिंह, आशुतोष पाण्डेय, अभिषेक सिंह, रिंकू साहू, अशोक यादव, कन्हैया, अंजय पाण्डेय, दिलीप केशरवानी, सोनू पाण्डेय, रोहित तिवारी, राजा संधू, संजय सिंह राठौर, रोहित तिवारी आदि उपस्थित थे।

तेज बारिश में भी नहीं थमे पैर
आज पदयात्रा के दौरान रिसाली क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं और युवा शामिल हुए। पदयात्रा की शुरूआत से ही तेज बारिश होने की बावजूद इसके सभी ने जोरदार उत्साह दिखाते हुए पदयात्रा जारी रखी। इसी क्रम में पदयात्रा के दौरान 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला दुर्गा देवी व रूपा बाई भी पदयात्रा में शामिल हुई। जिस पर समिति के युवा शाखा अध्यक्ष मनीष पाण्डेय ने उनका अभिनंदन करते हुए उनका सम्मान किया।

मंगलवार रिसाली व हाउसिंग बोर्ड में पदयात्रा
धर्म जागरण पखवाड़ा के तहत मंगलवार को प्रातः 6 बजे जोरातराई संतोषी मंदिर से पदयात्रा प्रारंभ की जाएगी। जो उड़िया मोहल्ला, नेवई बस्ती, नेवईभाठा होते हुए विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजनों से भेंट करेगी। इसी क्रम में शाम 4 बजे हाउसिंग बोर्ड में पदयात्रा निकाली जाएगी जो कुरूद बस्ती से शुरू होकर, घासीदास नगर के विभिन्न क्षेत्रों व हाउसिंग बोर्ड के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेगी। इसका समापन लाल पानी टंकी हनुमान मंदिर में किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button