दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों के बीच कुंडली मारकर छुपा था अजगर, खुशकिस्मती रही कि नहीं हुई अनहोनी


भिलाई। आंगनबाड़ी केंद्र में छोटे छोटे बच्चों के बीच एक बड़ा सा अजगर सांप छिपकर बैठा था। खुशकिस्मती रही कि अजगर ने किसी बच्चे को नुकसान नहीं पहुंचाया और अनहोनी की आशंका टल गई। अपने बच्चे को छोड़ने पहुंची महिला की नजर अजगर पर पड़ते ही खेल रहे बच्चे सहम से गए। मोहल्ले के कुछ युवकों ने अजगर को आंगनबाड़ी से बाहर खदेड़ दिया।

भिलाई-3 के वार्ड 15 बजरंग पारा में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आज अजगर सांप नजर आने से यहां आने वाले बच्चों के साथ ही उनके पालकों में डर समा गया है। एक बड़ा सा अजगर आंगनबाड़ी केंद्र के मुख्य दरवाजे पर लगे ग्रिल के नीचे कुंडली मारकर बैठा हुआ था। कार्यकर्ता और सहायिका की मानें तो सुबह 7 बजे आंगनबाड़ी केंद्र का ग्रिल गेट खोलते समय अजगर नजर नहीं आया था।

ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि आंगनबाड़ी केंद्र खुलने के बाद अजगर वहां आया। इस बीच छोटे छोटे बच्चे आकर अंदर वाले कमरे में खेल रहे थे। तभी एक महिला अपने बच्चे को छोड़ने पहुंची। बच्चे को छोड़कर जब वह लौट रही थी तब ग्रिल गेट के पास कुंडली मारकर बैठे अजगर को देख वह सहम गई। सहायिका ने बचते बचाते सभी बच्चों को बाहर निकाला फिर मोहल्ले के युवाओं को जानकारी दी गई। कुछ युवक आए और अजगर को बाहर निकालकर पीछे के खुले जगह की ओर खदेड़ दिया।

आंगनबाड़ी भवन जिस जगह पर बना है उसके पीछे खुला जगह और रेल पटरी है। खुले जगह पर झाड़ियों के घने झुरमुट के बीच सांपों के बसेरा के लिए अनुकूल दीमक के कईं भिंभोरी हैं। आए दिन आंगनबाड़ी केंद्र में जहरीले सांप और बिच्छू निकलते रहते हैं। इसलिए आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास झाड़ियों की सफाई और दीमक के भिंभोरी को बंद करने की ओर महिला एवं बाल विकास परियोजना भिलाई-2 के अधिकारियों का ध्यानाकर्षण कराया जाता रहा है। लेकिन कोई ध्यान नहीं देने से बच्चों के साथ अनहोनी होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button