खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

कर्रेगुट्टा की पहाड़ी के पास मुठभेड़ में 22 से अधिक नक्सलियों की मारे जाने की खबर, सीएम साय ने कहा- खत्म होगा नक्सलवाद, खुशहाल होगा छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर स्थित कर्रेगुट्टा की पहाड़ी के पास सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में 22 से ज्यादा नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। सुरक्षा बलों द्वारा बड़े स्तर पर नक्सल-विरोधी ऑपरेशन चलाया जा रहा है। यह ऑपरेशन पिछले 15 दिनों से लगातार चलाया जा रहा है। 16वें दिन सुरक्षाबलों को यह बड़ी सफलता मिली है…

 

 

रायपुर। बीजापुर जिले के कर्रेगुट्टा की विशाल और दुर्गम पहाड़ियों में पिछले दो सप्ताह से सुरक्षा बलों द्वारा बड़े स्तर पर नक्सल-विरोधी ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार देर रात एक बड़ी मुठभेड़ हुई है, जिसमें सुरक्षा बलों ने 22 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया है। नक्सलियों के मारे जाने का आंकड़ा बढ़ सकता है। मारे गए नक्सलियों के पास से हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है।

यह ऑपरेशन पिछले 15 दिनों से लगातार चलाया जा रहा है। जिसमें कई नक्सलियों को मार गिराया जा चुका है। कर्रेगुट्टा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए तलाशी अभियान को चुनौतीपूर्ण बताया जा रहा है, लेकिन सुरक्षाबल के जवान तलाशी और गश्त अभियान चला रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में कुछ शीर्ष नक्सली नेताओं और बटालियन नंबर एक की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। जिसके आधार पर ऑपरेशन को तेज किया गया। संभावना जताई जा रही है कि मारे गए नक्सलियों की संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि कई अन्य ठिकानों पर भी सुरक्षा बलों की कार्रवाई जारी है।
हालांकि, इस मुठभेड़ को लेकर अभी तक स्थानीय पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र पहले भी नक्सली गतिविधियों के लिए जाना जाता रहा है। ऐसे में सुरक्षा बलों की यह कार्रवाई इस पूरे इलाके में नक्सली नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
वहीं प्रदेश के मुखिया विष्णु देव साय ने एक्स पर लिखा…

खत्म होगा नक्सलवाद, खुशहाल होगा छत्तीसगढ़।

बीजापुर जिले के कर्रेगुटा पहाड़ी में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में हमारे सुरक्षाबलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मुठभेड़ में अब तक 22 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।

लाल आतंक के विरुद्ध चल रही निर्णायक लड़ाई में हमारे वीर जवानों के अदम्य साहस, पराक्रम और बलिदान को शत-शत नमन करता हूं।

यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी ने संकल्प लिया है कि 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलवाद से मुक्त करना है और हम इस लक्ष्य की ओर तेज़ी से अग्रसर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button