खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

भारतीय गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने बरपाया कहर, पहले वनडे में दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट से हराया

दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला भारत के नाम रहा. जोहानिसबर्ग में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम 8 विकेट से जीती…

नईदिल्ली (ए)। जोहानिसबर्ग में खेले गए वनडे मैच में भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 8 विकेट से हरा दिया. यहां सबसे पहले भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और आवेश खान ने कहर बरपाया और बाद में साईं सुदर्शन और श्रेयस अय्यर ने तूफानी बल्लेबाजी की. इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 116 रन बनाए, जवाब में भारतीय टीम ने 17वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।

‘दी वांडरर्स’ में खेले गए इस मैच में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडन मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. पहली पारी में पिच से तेज गेंदबाजों को खूब मदद मिली. मैच के दूसरे ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने रीजा हेंडरिक्स (0) को बोल्ड कर दिया. अगली ही गेंद पर रासी वान डेर डूसैं (0) को भी अर्शदीप ने चलता कर दिया. 42 रन के कुल योग पर टोनी डि जॉर्जी (28) को भी अर्शदीप ने आउट किया. स्कोरबोर्ड में 10 रन जुड़े ही थे कि हेनरिक क्लासेन (6) भी चलते बने. इन्हें भी अर्शदीप ने पवेलियन भेजा. इस तरह शुरुआती चारों प्रोटियाज विकेट अर्शदीप ने चटकाए।

फिर आवेश खान ने बरपाया कहर अर्शदीप के बाद प्रोटियाज टीम को आवेश खान ने बैक टू बैक झटके दिए. स्कोरबोर्ड पर 52 रन ही थे कि आवेश ने एडन मारक्रम (12)  को बोल्ड कर दिया. अगली ही गेंद पर आवेश ने  विआन मुल्डर (0) को भी एलबीडब्ल्यू कर दिया. डेविड मिलर (2) भी जल्द चलते बने. इन्हें भी आवेश खान ने पवेलियन भेजा. इस तरह 58 रन के कुल योग पर ही प्रोटियाज टीम 7 विकेट गंवा चुकी थी।

यहां से आंदिले फेहलुखवायो ने एक छोर संभाला. उन्होंने केशव महाराज (4) के साथ 15 रन और नंद्रे बर्गर (7) के साथ मिलकर 28 रन जोड़े. केशव महाराज को आवेश खान ने चलता किया. वहीं आंदिले फेहलुखवायो (33) को अर्शदीप ने आउट किया. तबरेज शम्सी 8 गेंद पर 11 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत के लिए अर्शदीप ने पांच, आवेश खान ने चार और कुलदीप यादव ने एक विकेट लिया।

साई और श्रेयस की ताबड़तोड़ पारियां
117 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ (5) का विकेट जल्द ही गंवा दिया. लेकिन इसके बाद श्रेयस अय्यर और साई सुदर्शन के बीच 88 रन की तेज तर्रार साझेदारी हुई. 111 के कुल योग पर श्रेयस अय्यर आउट हुए. उन्होंने 45 गेंद पर 52 रन बनाए. साई सुदर्शन 43 गेंद पर 55 रन बनाकर तिलक वर्मा (1) के साथ नाबाद पवेलियन लौटे. इस तरह टीम इंडिया ने 2 विकेट खोकर महज 16.4 ओवर में ही दक्षिण अफ्रीका को धूल चटा दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button