छत्तीसगढ़फीचर्ड

नवा रायपुर में मल्टिस्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना में शाल्वी ग्रुप की रुचि, मुंबई में सीएम साय से की मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुंबई में शाल्वी हॉस्पिटल्स के निदेशक विक्रम शाह ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने नवा रायपुर में एक अत्याधुनिक मल्टिस्पेशियलिटी अस्पताल की स्थापना को लेकर रुचि जताई।

शाल्वी हॉस्पिटल्स की शुरुआत एक 6 बिस्तरों वाले अस्पताल से हुई थी, जो आज 8 राज्यों के 13 शहरों में फैले 16 अस्पतालों के एक विश्वसनीय हेल्थकेयर नेटवर्क में तब्दील हो चुका है। श्री शाह ने बताया कि उनका समूह छत्तीसगढ़ में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे निवेश और अधोसंरचना विकास की जानकारी साझा की और शाल्वी ग्रुप की पहल का स्वागत किया।

ललन ग्रुप ने किया मुलाकात: मुंबई में श्रीलंका के प्रमुख औद्योगिक समूह ललन ग्रुप के प्रतिनिधि दिलीप पारिक ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाक़ात की। श्री पारिक ने बताया कि ललन ग्रुप, जो श्रीलंका के सबसे बड़े विविधीकृत औद्योगिक समूहों में शामिल है, बागान, रबर उत्पाद, निर्माण, लॉजिस्टिक्स, पैकेजिंग इंजीनियरिंग और आतिथ्य सेवाओं के क्षेत्रों में सक्रिय है। समूह की विशेषज्ञता और बहु-क्षेत्रीय क्षमताएं छत्तीसगढ़ के संसाधन-समृद्ध वातावरण और उद्योग-प्रोत्साहक नीतियों से मेल खाती हैं।

मुलाक़ात के दौरान श्री पारिक ने छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति की सराहना करते हुए राज्य में धागा और कपड़ा निर्माण इकाई स्थापित करने में रुचि दिखाई। उन्होंने बताया कि राज्य द्वारा श्रमिकों के लिए 24 घंटे की पाली व्यवस्था, ऑनलाइन क्लियरेंस, और समयबद्ध सेवाओं जैसी सुविधाएं निवेशकों को आकर्षित कर रही हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने समूह की पहल का स्वागत किया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया, जिससे छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल सेक्टर को नई ऊर्जा मिलेगी।

SizeUp कंपनी के प्रमुख ने मुलाक़ात की: मुंबई में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से SizeUp कंपनी के प्रमुख ने मुलाक़ात की। SizeUp एक तेजी से उभरती ऑनलाइन फैशन ब्रांड है, जो खासतौर पर पुरुषों और महिलाओं के लिए प्लस-साइज़ कपड़े बनाती है। इस ब्रांड के कपड़े न सिर्फ आरामदायक होते हैं, बल्कि आधुनिक फैशन के अनुरूप भी होते हैं। कंपनी की खासियत है कि यह कॉटन, लिनन और निटेड फैब्रिक से बने स्टाइलिश गारमेंट्स जैसे ड्रेस, पोलो टीशर्ट और शर्ट्स पेश करती है।

इस मुलाक़ात में कंपनी प्रमुख ने मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ में निवेश करने का प्रस्ताव दिया और बताया कि वे राज्य में प्लस-साइज़ परिधान निर्माण की यूनिट स्थापित करना चाहते हैं। इससे राज्य को रोज़गार के नए अवसर मिलेंगे और स्थानीय युवाओं को टेक्सटाइल सेक्टर में कौशल विकास का लाभ भी मिलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव में दिलचस्पी दिखाई और सभी संभावित सहयोग का भरोसा दिलाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button