खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने आईएनएस विक्रांत पर नौसेना के जवानों के बीच दीपावली मनाते हुए कहा- भारत अब नक्सल आतंक से लगभग मुक्ति के कगार पर

पीएम मोदी इस बार नौसेना के जवानों के साथ दिवाली मना रहे हैं। मोदी ने सशस्त्र बलों की साथ दिवाली मनाने की परंपरा को इस बार भी जारी रखा। पीएम मोदी ने आईएनएस विक्रांत पर रात भी बिताई…

 

गोवा (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गोवा में स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर नौसेना के जवानों के बीच दीपावली मनाते हुए कहा कि भारत अब नक्सल-माओवादी आतंक से लगभग मुक्ति के कगार पर है। प्रधानमंत्री ने सुरक्षाबलों, पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों की बहादुरी और बलिदान की सराहना करते हुए कहा कि जिन इलाकों में कभी भय और हिंसा का बोलबाला था, आज वहां विकास की रोशनी फैल रही है।

पीएम मोदी ने बताया कि वर्ष 2014 से पहले देश के लगभग 125 जिले नक्सली हिंसा से प्रभावित थे, लेकिन बीते दस वर्षों के लगातार प्रयासों से यह संख्या घटकर सिर्फ 11 जिलों तक रह गई है। उन्होंने कहा कि इनमें से भी वास्तव में प्रभाव वाले क्षेत्र अब केवल तीन जिलों तक सीमित हैं। उन्होंने कहा “आज पहली बार देश के 100 से अधिक जिले पूरी तरह माओवादी आतंक से मुक्त हो चुके हैं और खुली हवा में सांस ले रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने बताया कि जिन इलाकों में कभी माओवादी सड़कों को ब्लॉक कर देते थे, स्कूल और अस्पताल और विकास कार्य रोक देते थे-आज वहां नई सड़कें बन रही हैं, उद्योग स्थापित हो रहे हैं, और बच्चे स्कूलों में पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब ये क्षेत्र भय और उत्पीड़न से बाहर निकलकर विकास की मुख्यधारा में शामिल हो रहे हैं।

पीएम मोदी ने इस अवसर पर सुरक्षाबलों की वीरता को याद करते हुए कहा कि नौसेना के जवानों के लिए तो मौत से खेलना सामान्य बात है, लेकिन पुलिसकर्मी, जो केवल डंडे लेकर जनता की सेवा करते हैं, उन्होंने भी नक्सलवाद के खिलाफ असाधारण साहस दिखाया है। उन्होंने कहा, “मैं हमारे पुलिस बल के उन जवानों को सलाम करता हूं, जिन्होंने अपने पैर खो दिए लेकिन हिम्मत नहीं हारी, जिनके हाथ कट गए लेकिन उनका जज्बा बरकरार रहा। उन्होंने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखा और देश को नक्सली आतंक से मुक्त कराने में अहम भूमिका निभाई।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार पुलिस बल ने इतनी बड़ी चुनौती का सामना किया है और पिछले दस वर्षों में उन्होंने 50 वर्षों से चले आ रहे इस संकट को समाप्त करने में सफलता पाई है। उन्होंने कहा “मुझे विश्वास है कि वे पूरी तरह सफल होंगे। नक्सलवाद को खत्म करने में वे 90 प्रतिशत सफलता पहले ही हासिल कर चुके हैं। पीएम मोदी ने सशस्त्र बलों को अपना परिवार बताते हुए कहा कि वह लगातार 11 वर्षों से हर दीपावली भारत के वीर जवानों के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे सशस्त्र बल, पुलिस और अर्धसैनिक बल देश की असली ताकत हैं, जिनकी बदौलत आज भारत विकास और सुरक्षा दोनों में नई ऊंचाइयां छू रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button