दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने धान उपार्जन और संग्रहण केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने बुधवार को धमधा विकासखण्ड के विभिन्न धान उपार्जन और संग्रहण केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने ग्राम पंचायत बोरी शाखा के सेवा सहकारी समिति मर्यादित लिटिया के धान संग्रहण केन्द्र का दौरा किया।

केन्द्र में अब तक 29,498 मीट्रिक टन धान का भंडारण किया जा चुका है, जो लिटिया, सेमरिया, जोगीगुफा, पुरदा, गाडाडीह और करेली ग्राम पंचायतों से लाया गया है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने समिति प्रबंधक और किसानों से चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। उन्होंने भंडारित धान को सुरक्षित रखने के लिए उसे ढॅककर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने संग्रहण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के संबंध में निर्देशित किया कि प्रतिदिन आने वाले वाहनों को शीघ्रता से खाली कराया जाए और भंडारण प्रक्रिया को स्टैकिंग प्लान के अनुसार व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने किसानों से धान खरीदी प्रक्रिया का अनुभव जाना और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर समिति प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात, कलेक्टर ने उपार्जन केन्द्र शाखा नगपुरा का निरीक्षण किया। इस केन्द्र के अंतर्गत हिर्री, मड़ियापार और सेवती ग्राम पंचायतों से धान लाया जा रहा है। प्रबंधक ने जानकारी दी कि अब तक 834 किसानों ने 39,226 क्विंटल धान बेचा है, और सभी धान का उठाव पूर्ण हो चुका है। हिर्री केन्द्र में निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने नए स्टॉक के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर वहां केन्द्र स्थापित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने पर बल दिया कि धान की नमी और गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए और इसी आधार पर खरीदी की प्रक्रिया संचालित हो।

ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और प्रभारी को रोजाना आने वाले धान की स्टैकिंग और उसकी गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि धान की खरीदी में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो, इसके लिए सतर्कता बरती जाए। इस दौरान कलेक्टर के साथ धमधा अनुविभागीय अधिकारी सोनल डेविड, प्रभारी खाद्य नियंत्रक टी.एस. अत्री, डीएमओ भौमिक बघेल और अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button