छत्तीसगढ़फीचर्ड

अरुण साव ने किया डिजिटल योद्धा कैंपेन का लॉन्च, बने पहले सदस्य, कहा- बस्तर की जनता ने पीएम मोदी की सभा में लाखों की संख्या में आकर कांग्रेस की हवा निकाली

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अरुण साव ने कहा है कि प्रदेश में परिवर्तन यात्रा को मिले रेस्पॉन्स से भूपेश सरकार पूरी तरह घबरा गई है। बौखलाहट में वह अब तमाम लोकतंत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रख कर असभ्यता और आशालीनता पर उतर आई है। स्वतंत्र भारत के इतिहास में आज तक ऐसा नहीं हुआ, जब प्रधानमंत्री के आगमन पर राज्य की किसी सरकार ने बंद आयोजित किया हो और प्रधानमंत्री की सभा में जाने से जबरन रोकने की ऐसी साजिश रची हो। श्री साव ने कहा कि यहां तक कि कांग्रेस की सरकार ऐसी हिम्मत उस पंजाब में भी नहीं कर पाई जहां श्री मोदी जी सुरक्षा से समझौता हुआ था वास्तव में ऐसा कोई राजनीतिक दल कर भी नहीं सकता। खुद कांग्रेस भी अगर महज़ एक राजनीतिक दल होती, तो ऐसी असभ्यता करने के बारे में सोचती भी नहीं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने बुधवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आहूत पत्रकार वार्ता में कहा कि जैसा कि प्रधानमंत्री ने बस्तर की ऐतिहासिक सभा में कहा कि आज कांग्रेस कोई राजनीतिक दल बची ही नहीं है। कथित गांधी परिवार ने कांग्रेस को एनजीओ, कुछ राष्ट्रविरोधी तत्वों को आउटसोर्स कर दिया है। अब कांग्रेस ऐसा गिरोह बन गया है जिसके संचालन का कार्य देशद्रोही और बाहरी तत्वों द्वारा किया जा रहा है। इसी कारण कांग्रेस हर तरह की अराजकता फैला कर देश में अलगाववाद, जातीय व साम्प्रदायिक विभाजन आदि करा कर भी किसी तरह सत्ता कब्जाना चाहती है। देश को इस ख़तरनाक संगठन से अब सावधान रहना होगा। भाजपा की दो परिवर्तन यात्राओं की चर्चा करते हुए श्री साव ने कहा कि भूपेश सरकार की कुनीतियों, उसके घोटाले, प्रदेश को लूट लेने की उसकी करतूत और शासन के निकम्मेपन के खिलाफ भाजपा ने प्रदेश में परिवर्तन यात्रा निकाली थी। यह परिवर्तन यात्रा उत्तर में जशपुर और दक्षिण में दंतेवाड़ा से एक साथ शुरू हुई। जशपुर से जहां नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के नेतृत्व में यह यात्रा चली, वहीं दंतेवाड़ा से मैंने इस यात्रा का नेतृत्व किया। दोनों यात्रा का समापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर में किया। समापन समारोह बिलासपुर में ऐसा हुआ, जैसा इससे पहले कभी बिलासपुर ने देखा नहीं था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह प्रसन्नता की बात थी कि हफ़्ते भर के भीतर प्रधानमंत्री श्री मोदी दूसरी बार छत्तीसगढ़ आए थे। बस्तरवासियों, प्रदेशवासियों की दशकों पुरानी आकांक्षाओं को पूरा करने, विकास का सवेरा लाने नगरनार स्टील प्लांट के लोकार्पण समेत 26 हज़ार करोड़ से अधिक के विकास कार्यों को जनता को समर्पित किया। केवल नगरनार प्लांट से ही 50 हज़ार से अधिक छत्तीसगढियों को रोजगार मिलेगा। लेकिन उस शासकीय कार्यक्रम में सीएम तो उपस्थित नहीं ही हुए, कैबिनेट का कोई प्रतिनिधि तक उपस्थित नहीं होने दिया। मुख्यमंत्री की ऐसी ईर्ष्या, ऐसा अमर्यादित आचरण लोकतंत्र में कतई स्वीकार नहीं है। श्री साव ने कहा कि हमें यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि लाख षड्यंत्रों के बावजूद प्रधानमंत्री श्री मोदी की जैसी सफल सभा जगदलपुर के लालबाग मैदान में हुई, आजतक बस्तर ने ऐसी सभा नहीं देखी थी। इतने शानदार स्वागत और इतनी बड़ी संख्या में उपस्थिति के लिए बस्तर की, छत्तीसगढ़ की जनता को जितनी भी बधाई दी जाय, वह कम है। हालाँकि बस्तर बंद और बहिष्कार से कांग्रेस का छत्तीसगढ़ विरोधी, बस्तर विरोधी, विकास विरोधी चेहरा फिर से उजागर हुआ। यह तय हो गया कि भूपेश सरकार को राज्य के विकास से कोई मतलब नहीं है, उसे केवल घोटाले और दस जनपथ की चाटुकारिता करनी है। इसके अलावा न तो उसके पास कोई विजन है, न ही कोई नीयत है विकास की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी लगातार उदारता के साथ छत्तीसगढ़ को खुले हाथों से सहायता देते हैं, अभी तक तीन लाख करोड़ से अधिक की रकम छत्तीसगढ़ के विकास के लिए श्री मोदी ने भेजी है लेकिन ये सारी रकम 10 जनपथ का कलेक्शन मास्टर अपने आका के पास भेज देता है। अब हमें उस एटीएम से भी मुक्ति चाहिए। हमें शराब के दलालों से, कोयले में हाथ काला करने वालों से, सीमेंट की कमाई लूट लेने वालों से, प्रदेश अपराधगढ़ बना देने वाली कांग्रेस सरकार से मुक्ति चाहिए ताकि फिर से हमारा स्वर्णिम छत्तीसगढ़ वापस आ जाय, फिर से हम देश के विकास के साथ स्वयं को शामिल कर लें। श्री साव ने कहा कि नगरनार बेच देने संबंधी कांग्रेस के काल्पनिक सवाल और दुष्प्रचार का क्या जवाब दें? ऐसा लगता है कि एक लाख करोड़ से अधिक का घोटाला करने के बावजूद भी भूपेश जी का पेट नहीं भरा है। अगर इन्हें अवसर मिले और दस जनपथ का आदेश हो तो वे मुख्यमंत्री निवास भी बेचकर सारा पैसा राहुल-प्रियंका को पहुँचा आएंगे। श्री साव ने कहा कि जगदलपुर में मोदी जी की सभा में आई लाखों लोगों की भीड़ ने कांग्रेस की हवा निकाल दी है। बस्तर की जनता ने कांग्रेस को यह बताया कि वह विकास के साथ है। बस्तर अब एक नया सवेरा देखने जा रहा है। अब बस्तर के लोग बाहर रोजगार ढूँढ़ने नहीं जाएंगे, बाहर के लोग रोजगार ढूँढ़ते बस्तर आएंगे। श्री साव ने कहा अभी 50 हजार लोगो को नौकरी और आने वाले समय में यह आंकड़ा 1.50 लाख पहुंचेगा। बस्तर के लोगो का जीवन पूरी तरह बदल जायेगा। इसके लिए हम केंद्र की भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का हृदय की गहराइयों से अभिनंदन करते हैं।

अरुण साव भाजपा के डिजिटल अभियान के पहले डिजिटल योद्धा बने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साव बुधवार को भाजपा के डिजिटल अभियान के पहले डिजिटल योद्धा बने। प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के ने 8955776611 डॉयल करने भाजपा अध्यक्ष श्री साव को दिया और नंबर डॉयल करते ही श्री साव डिजिटल योद्धा बन गए। श्री महस्के ने बताया कि आज एक बड़ा अभियान भारतीय जनता पार्टी द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से प्रारंभ किया जा रहा हैं। एक मिस कॉल देकर कोई भी आमजन जो पार्टी की विचारधारा से सहमत हो, वो जुड़ेंगे और डिजिटल योद्धा एवं सोशल मीडिया वालेंटियर्स बन सकते हैं। हम प्रदेश की कांग्रेस की सरकार की करतूतों को नीचे तक ले जाएंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री साव ने डिजिटल योद्धा अभियान का पोस्टर का विमोचन किया।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक मितुल कोठारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button