दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

आयुक्त सुरुचि सिंह ने तीन निगम कर्मचारियों को किया सस्पेंड, ड्यूटी के दौरान खेल रहे थे ताश पत्ती

भिलाई। नगर पालिक निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने कार्यालय परिसर में ड्यूटी के दौरान ताश खेलते पाए जाने पर सहायक राजस्व निरीक्षक, सफाई कामगार और भृत्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में निगम आयुक्त ने आदेश भी जारी कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार सहायक राजस्व अधिकारी विकास सिंह, सफाई कामगार डहर सिंह बंजारे और भृत्य अशोक यादव को 21 जुलाई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। उन्होंने 22 जुलाई को अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन निगम प्रशासन ने उसे असंतोषजनक माना।

जांच में पाया गया कि कार्यालयीन समय के दौरान मुख्य कार्यालय परिसर में तहसील कार्यालय के सामने विकास सिंह, डहर सिंह बंजारे और अशोक यादव अपने शासकीय दायित्वों के विपरीत ताश-पत्ती खेलते हुए पाए गए। निगम प्रशासन ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कहा कि इस कृत्य से नगर निगम की छवि धूमिल हुई है तथा यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन है।

इसी आधार पर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह ने विकास सिंह,  डहर सिंह बंजारे और अशोक यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय जोन क्रमांक-4, शिवाजी नगर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button