फीचर्डविविध

अगले महीने मैदान पर वापसी करेंगे सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग और ब्रायन लारा जैसे दिग्गज

रायपुर। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, ब्रायन लारा और मुथैया मुरलीधरन जैसे दिग्गज क्रिकेटर अगले महीने दो से 21 मार्च तक रायपुर में खेले जाने वाले ‘अनएकेडमी सड़क सुरक्षा वर्ल्ड सीरीज'(रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज) टी-20 से एक बार फिर मैदान पर वापसी करेंगे। इसके पहले सीजन को चार मैचों के बाद कोविड-19 महामारी के कारण पिछले साल 11 मार्च को निलंबित कर दिया गया था। आयोजकों ने मंगलवार को घोषणा की कि शेष सभी मैच रायपुर में 65,000 दर्शकों की क्षमता वाले नवनिर्मित शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इसके मुताबिक, ”सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, ब्रायन लारा, ब्रेट ली, तिलकरत्ने दिलशान, मुथैया मुरलीधरन के साथ क्रिकेट खेलने वाले पांच देशों के कई और पूर्व दिग्गज इस वार्षिक टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जादू बिखेरेंगे। इसमें ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और मेजबान भारत के पूर्व क्रिकेटर भाग लेंगे। इसका आयोजन देश में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए किया जा रहा है।”

उन्होंने कहा, ”चूंकि देश में क्रिकेट सबसे अधिक लोकप्रियता वाला खेल है और यहां क्रिकेटरों को आदर्श नायकों के तौर पर देखा जाता है। ऐसे में इस लीग का उद्देश्य सड़कों पर अपने व्यवहार के प्रति लोगों की मानसिकता में बदलाव लाने की है।” छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि ‘सड़क सुरक्षा वर्ल्ड सीरीज टी-20’ के दौरान रायपुर में दिग्गजों की मेजबानी करना गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि यह एक अद्भुत अवधारणा है कि लोगों को सड़क पर होने वाले खतरे के बारे में जागरूक किया जाए। यह बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि भारतीय सड़कों पर हर चार मिनट में एक व्यक्ति की मृत्यु होती है।

Related Articles

Back to top button