खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पीएम मोदी ने बाबा काशी विश्वनाथ की पूजा अर्चना कर लिया जीत का आशीर्वाद

पीएम मोदी के रोड शो में वाराणसी ही नहीं प्रदेश के कई प्रमुख शहरों से आए लोग शामिल हुए हैं। मौजूद लोग हर-हर मोदी, घर- घर मोदी का उद्घोष करते रहे। थोड़ी ही देर में पीएम मोदी काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे। वहां पूजन-अर्चन कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे…

 

वाराणसी (ए)। जय श्री राम… जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे… के गगनभेदी उद्घोष के बीच सोमवार की शाम बीएचयू परिसर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लंका स्थित मालवीय चौराहा पहुंचे तो माहौल भगवामय हो उठा। महामना पंडित मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा का माल्यार्पण कर प्रधानमंत्री ने चौतरफा उमड़े जनसमूह का हाथ जोड़ कर अभिवादन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ रोड शो की शुरुआत की।

प्रधानमंत्री के रोड शो के मद्देनजर सुबह से ही लंका-गोदौलिया मार्ग पर उत्सव सरीखा माहौल था। चिलचिलाती धूप भी भाजपा समर्थकों के उत्साह के आगे आड़े नहीं आ रही थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में पूरी काशी भगवामय रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं केसरिया रंग का कुर्ता पहने रहे तो उनके बगल में योगी आदित्यनाथ भगवा कपड़े में दिखे। केसरिया वाहन पर दोनों नेता सवार रहे तो पीले गेंदे की माला इसमें चार चांद लगा रही थी।

पूरे रास्ते जहां महिलाएं भगवा रंग में रहीं तो केसरिया साफा, टोपी और केसरिया गमछा डाले लोग भी काशी की सड़कों पर दिखा। जहां तक नजर गई, सड़कें भगवा और भाजपा के झंडे से सजी दिखीं। भगवा गुब्बारा और भगवा कपड़ों से रास्ते अलग ही अनुभूति का आनंद करा रहे थे। मोदी भी गले में गमछा डाल काशी की स्टाइल में दिखे।

रास्ते भर की गई भव्य सजावट यह अहसास करा रही थी कि काशीवासी तीसरी बार लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन करने आए प्रधानमंत्री को लेकर खासे आतुर हैं। प्रधानमंत्री का रोड शो लंका से बढ़ा तो उन पर जगह-जगह पुष्पवर्षा करने के साथ ही भीड़ में शामिल लोग हर-हर महादेव का उद्घोष कर रहे थे। उक्त खबर आप सारनाथ एक्सप्रेस में पढ़ रहे हैं।

लंका से विश्वनाथ धाम तक प्रधानमंत्री के लिए बनाए गए 100 ज्यादा मंच पर मौजूद लोग मंगलाचरण, भक्ति गीतों और लोक नृत्यों के साथ ही शंख, शहनाई और डमरू बजा कर प्रधानमंत्री का स्वागत कर रहे थे।

वाराणसी में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जयपुर से बनारस पहुंचे सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने अस्सी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी और सीएम योगी ने गोपाल शर्मा का अभिवादन स्वीकार किया।

काशी विश्वनाथ मंदिर में किया दर्शन-पूजन
प्रधानमंत्री का रोड शो काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर समाप्त हुआ। यहां सोमवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में उन्होंने पूजन-अर्चन कर बाबा काशी विश्वनाथ से जीत का आशीर्वाद लिया। पूजन के उपरांत प्रधानमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को नंदी की प्रतिमा भेंट की। इस अवसर पर भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी मौजूद रहे।

 

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button