खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी तीन दिवसीय झारखंड, गुजरात और ओडिशा के दौरे पर: 12460 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 17 सितंबर तक झारखंड, गुजरात और ओडिशा के अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान 12460 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे…

नईदिल्ली (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 15 से 17 सितंबर तक झारखंड, गुजरात और ओडिशा का दौरा करेंगे। इस दौरान वह 12,460 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। पीएमओ ने उनके यात्रा के कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी है। पीएमओ के मुताबिक, तीन राज्यों के दौरे के क्रम में वे सबसे पहले झारखंड जाएंगे, इसके बाद गुजरात और फिर ओडिशा जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 17 सितंबर तक झारखंड, गुजरात और ओडिशा के अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान 12460 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।

आज पीएम जाएंगे झारखंड
पीएम मोदी 15 सितंबर यानी आज सबसे पहले झारखंड का दौरा करेंगे। यहां सुबह करीब साढ़े 10 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये 660 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे व टाटानगर में 20,000 प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित करेंगे। वह देवघर जिले में मधुपुर बाइपास लाइन और हजारीबाग जिले में हजारीबाग टाउन कोचिंग डिपो की आधारशिला भी रखेंगे।

छह वंदे भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी
पीएम मोदी छह वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। ये ट्रेन टाटानगर-पटना, भागलपुर-दुमका-हावड़ा, ब्रह्मपुर-टाटानगर, गया-हावड़ा, देवघर-वाराणसी और राउरकेला-हावड़ा मार्गों पर संपर्क सुविधा में सुधार करेंगी।

कुरकुरा-कनारोअन दोहरीकरण परियोजना को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे
प्रधानमंत्री कुरकुरा-कनारोअन दोहरीकरण परियोजना को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे जो बंडामुंडा-रांची सिंगल लाइन खंड का हिस्सा है और रांची, मुरी एवं चंद्रपुरा स्टेशनों के रास्ते राउरकेला-गोमोह मार्ग का हिस्सा है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जमशेदपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित एक विशाल रैली को भी संबोधित करेंगे। वहीं पीएम मोदी की वहां रोड शो करने की भी योजना है।

16 सितंबर को गुजरात दौरे पर रहेंगे पीएम मोदी, देश की पहली वंदे मेट्रो सेवा को दिखाएंगे हरी झंडी
इसके बाद वह सोमवार को अहमदाबाद में देश की पहली वंदे मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी दिन वह गांधीनगर के महात्मा मंदिर कन्वेंशन सेंटर में ग्लोबल रिन्यूएबल एनर्जी इन्वेस्टर्स मीट एंड एक्सपो (री-इनवेस्ट 2024) के चौथे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। वह अहमदाबाद में 8000 रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। इसके साथ-साथ अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो रेल सेवा के दूसरे चरण का शुभारंभ भी करेंगे। जबकि, पहले दिन वह अहमदाबाद के पास वडसर वायुसेना स्टेशन पर एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पश्चिम रेलवे (अहमदाबाद मंडल) के जनसंपर्क अधिकारी प्रदीप शर्मा ने शनिवार को कहा कि अहमदाबाद-भुज वंदे मेट्रो पूरी तरह से अनारक्षित वातानुकूलित ट्रेन है, जिसके लिए यात्री प्रस्थान से कुछ समय पहले काउंटर से टिकट खरीद सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘इसमें 2058 खड़े यात्री खड़े होकर और 1150 यात्री बैठकर यात्रा कर सकेंगे। पश्चिम रेलवे ने इस सप्ताह की शुरुआत में इस सेवा का परीक्षण किया था।’ उन्होंने बताया कि अहमदाबाद-भुज वंदे मेट्रो सेवा नौ स्टेशनों पर रुकेगी और 110 किलोमीटर प्रति घंटे की शीर्ष गति से 360 किलोमीटर की दूरी 5 घंटे 45 मिनट में तय करेगी। यह भुज से सुबह 5:05 बजे रवाना होगी और 10:50 बजे अहमदाबाद जंक्शन पहुंचेगी।

डब्ल्यूआर के जनसंपर्क अधिकारी शर्मा ने बताया कि ‘वंदे मेट्रो’ अवधारणा को पूरी तरह से वातानुकूलित कोचों और ‘कवच’ टकराव-रोधी प्रणाली के साथ-साथ अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ स्वदेशी सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन वंदे भारत सेवा की तर्ज पर डिजाइन किया गया है।

17 सितंबर को ओडिशा में ‘सुभद्रा’ योजना की शुरुआत करेंगे
प्रधानमंत्री 17 सितंबर को ओडिशा की राजधानी पहुंचने के बाद जनता मैदान जाएंगे, जहां वह ‘सुभद्रा’ योजना की शुरुआत करेंगे। इस योजना के तहत एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। इस योजना के तहत, 21-60 वर्ष की आयु के सभी पात्र लाभार्थियों को 2024-25 से 2028-29 के बीच 5 वर्षों की अवधि में 50000 रुपये मिलेंगे। दो समान किस्तों में प्रति वर्ष 10,000 रुपये की राशि सीधे लाभार्थी के आधार कार्ड से जुड़े बैंक खाते में जमा की जाएगी। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री 10 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में धन हस्तांतरण की शुरुआत करेंगे।
17 सितंबर को भुवनेश्वर में बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज
ओडिशा सरकार ने शनिवार को घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा के मद्देनजर 17 सितंबर को भुवनेश्वर के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। इसके अलावा, राज्य की राजधानी में राजस्व और मजिस्ट्रेट अदालतों सहित सभी सरकारी कार्यालय भी 17 सितंबर को दिन के पहले भाग के लिए बंद रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button