खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

आखिरी 12 गेंदों में 43 रन डिफेंड नहीं कर पाई भारतीय टीम, मैक्सवेल ने छीनी जीती हुई बाजी

टीम इंडिया की जीत तकरीबन तय नजर आ रही थी. ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें ग्लेन मैक्सवेल और मैथ्यू वेड पर टिकी थी लेकिन इसके बाद कुछ ऐसा हुआ कि भारतीय फैंस के लिए यकीन कर पाना मुश्किल हो रहा था…

गुवाहाटी (ए)। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 12 गेंदों पर जीत के लिए 43 रनों की दरकार थी. टीम इंडिया की जीत तकरीबन तय नजर आ रही थी. ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदें ग्लेन मैक्सवेल और मैथ्यू वेड पर टिकी थी. भारत के लिए 19वां ओवर करने आए स्पिनर अक्षर पटेल. इस ओवर में ग्लेन मैक्सवेल और मैथ्यू वेड ने 22 रन बना डाले. फिर आखिरी ओवर में कंगारुओं को जीत के लिए 21 रन बनाने थे. भारत के लिए गेंदबाजी करने आए तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा… लेकिन ग्लेन मैक्सवेल को रोकना आसान नहीं था।

ग्लेन मैक्सवेल ने रुतुराज गायकवाड़ के शतक पर पानी फेरते हुए ऑस्ट्रेलिया को भारत के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में 5 विकेट से जीत दिला दी. भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 3 विकेट पर 222 रन बनाए थे. इंडिया के लिए गायकवाड़ ने ने 215.79 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 123* रनों की पारी खेली थी, जो भारत के काम नहीं आ सकी. मैक्सवेल ने 48 गेंदों में 8 चौके और 8 छक्कों की मदद से 104* रनों की पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे मुकाबले में जीत हासिल कर खुद को सीरीज़ में बनाए रखा है. नंबर चार पर उतरे ग्लेन मैक्सवेल ने ऑस्ट्रेलिया की जीत की उम्मीदों को दोबारा जगाया, जो धीरे-धीरे खत्म होती जा रही थी. मैक्सवेल ने आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाई. बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में मैक्सवेल ने स्टैंड्स में मौजूद भारतीय फैंस को पूरी तरह से शांत करवा दिया।

प्रसिद्ध कृष्णा के 20वें ओवर की पहली गेंद पर मैथ्यू वेड ने चौका लगाया. अब ऑस्ट्रेलिया को आखिरी 5 गेंदों पर 17 रन बनाने थे. ओवर की दूसरी गेंद पर सिंगल आया. रन बनाने थे 16 और गेंदें बची थी 4… भारतीय फैंस की उम्मीदें प्रसिद्ध कृष्णा पर टिकी थी, लेकिन भारत और जीत के बीच खड़े थे ग्लेन मैक्सवेल. तीसरी गेंद पर छक्का लगाकर ग्लेन मैक्सवेल ने भारतीय उम्मीदों को बड़ा झटका दिया. अब आखिरी 3 गेंदों पर ऑस्ट्रेलिया को 10 रन बनाने थे, लेकिन ग्लेन मैक्सवेल जिस मूड में बल्लेबाजी कर रहे थे भारतीय फैंस को हार करीब नजर आ रही थी।

आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने फिर चौका लगा दिया. फिर क्या था… स्टेडियम में सन्नाटा छा गया. यानि, अब गेंदें बची थी 2 और रन बनाने थे 6. पाचंवीं गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल चौका लगाया, साथ ही शतक का आंकड़ा छू लिया. इस तरह आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलिया को 2 रनों की दरकार थी. आखिरी गेंद पर ग्लेन मैक्सवेल ने चौका लगाकर ऑस्ट्रेलिया को अविश्वसनीय जीत दिला दी. ग्लेन मैक्सवेल के शॉट के बाद स्टेडियम में सन्नाट पसर गया. भारतीय फैंस के लिए यकीन करना मुश्किल हो रहा था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया ग्लेन मैक्सवेल की हैरतअंगेज पारी की बदौलत मैच अपने नाम कर चुका था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button