खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

फिर लौट रही कोरोना महामारी? इस देश में 56 हजार मामले आए सामने, लोगों से मास्क पहनने की अपील

सिंगापुर की सरकार ने लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनने की सलाह दी है।  अगर लोग बीमार नहीं हैं तब भी उन्हें मास्क पहनने को कहा जा रहा है…

नईदिल्ली (ए)। कोरोना महामारी एक बार फिर डरा रही है। दरअसल सिंगापुर में कोरोना के मामले बढ़कर 56 हजार के पार चले गए हैं। बता दें कि यह आंकड़े बीते हफ्ते के हैं। उससे पिछले हफ्ते यह आंकड़ा 32 हजार था। सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते हफ्ते में देश में कोरोना के मामलों में 75 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने 19 दिसंबर से रोजाना कोरोना अपडेट जारी करने का फैसला किया है।

लोगों को मास्क पहनने की सलाह
सिंगापुर की सरकार ने लोगों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में मास्क पहनने की सलाह दी है।  अगर लोग बीमार नहीं हैं तब भी उन्हें मास्क पहनने को कहा जा रहा है। खासकर बुजुर्ग लोगों के साथ रहने वाले लोगों को घर के अंदर भी मास्क पहनने को कहा गया है। सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जल्द ही सिंगापुर एक्सपो हॉल नंबर 10 में कोविड मरीजों के लिए बिस्तर लगा दिए जाएंगे। क्राफोर्ड अस्पताल में पहले से ही कोविड मरीजों का इलाज किया जा रहा है।

कोरोना के इस वैरिएंट से संक्रमित हो रहे मरीज
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंगापुर में कोरोना संक्रमण के चलते अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या रोजाना औसतन 225-350 है। वहीं संक्रमण के चलते आईसीयू में भर्ती होने वाले मरीजों का रोजाना का औसत 4-9 है। बताया जा रहा है कि अधिकतर संक्रमित मरीज कोरोना के वैरिएंट जेएन.1 से संक्रमित हैं, जो कि बीए.2.86 से संबंधित है। अभी तक की जांच में यह पता चला है कि यह वैरिएंट बहुत ज्यादा ट्रांसमिसिबल (एक मरीज से दूसरे में स्थानांतरित) नहीं है।

भारत में भी बढ़े कोरोना के मामले
भारत में भी कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि अभी चिंता जैसी कोई बात नहीं है। शुक्रवार को देश में कोरोना के 312 नए मामले सामने आए, इनमें से 280 सिर्फ केरल के हैं। साथ ही जो मरीज संक्रमित मिले हैं, उनमें लक्षण भी बहुत ज्यादा गंभीर नहीं हैं। सरकारी आंकड़े के अनुसार, बीते 24 घंटे में देशभर में 17605 कोरोना टेस्ट किए गए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button