खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

धन्यवाद महाराष्ट्र…नगर निगम चुनावों के परिणाम दर्शाते हैं कि महाराष्ट्र की जनता के साथ एनडीए का संबंध और भी गहरा हुआ है : पीएम मोदी

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की 227 सीट में से 210 सीट के लिए टेलीविजन चैनलों पर दिखाये जा रहे रुझानों के अनुसार, भाजपा 90 सीट पर और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 28 वार्ड में बढ़त बनाये हुए है। वहीं, भाजपा से अलग चुनाव लड़ने वाली अजित पवार नीत राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) तीन वार्ड में आगे है…

 

नईदिल्ली (ए)। महाराष्ट्र में ‘मिनी विधानसभा’ माने जा रहे नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले ‘महायुति गठबंधन’ ने शानदार प्रदर्शन किया है। राज्य के 29 में से अधिकांश नगर निगमों में गठबंधन ने बढ़त हासिल की है। पीएम मोदी ने निकाय चुनाव में जीत पर खुशी जाहिर की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “धन्यवाद महाराष्ट्र! राज्य की ऊर्जावान जनता ने एनडीए के जनहितैषी सुशासन के एजेंडे को आशीर्वाद दिया है!”

उन्होंने कहा कि विभिन्न नगर निगम चुनावों के परिणाम दर्शाते हैं कि महाराष्ट्र की जनता के साथ एनडीए का संबंध और भी गहरा हुआ है। विकास के लिए हमारी कार्य-प्रणाली और दृष्टिकोण जनता को पसंद आया है। महाराष्ट्र भर की जनता के प्रति मेरी कृतज्ञता। यह वोट प्रगति को गति देने और राज्य की गौरवशाली संस्कृति का जश्न मनाने का प्रतीक है।

पीएम ने कहा कि मुझे उन सभी एनडीए कार्यकर्ताओं पर गर्व है जिन्होंने महाराष्ट्र भर में जनता के बीच अथक परिश्रम किया। उन्होंने हमारे गठबंधन के उत्कृष्ट कार्यों के बारे में बताया, आने वाले समय के लिए हमारी योजनाओं को उजागर किया और विपक्ष के झूठ का प्रभावी ढंग से खंडन किया। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।

वहीं, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव में ‘महायुति गठबंधन’ को मिली प्रचंड जीत पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी एवं शिवसेना की प्रचण्ड विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है।

उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक विजय के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप-मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम एवं समस्त कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। इस ऐतिहासिक विजय के लिए मैं सभी मतदाताओं का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की प्रचंड जीत यह बताती है कि देश के कोने-कोने की जनता का विश्वास सिर्फ और सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए की विकासनीति पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button