खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

अमित शाह ने लॉन्च किया ऑनलाइन ड्रग डिस्पोजल अभियान, ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्देश

ड्रग-फ्री इंडिया का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब NCB, ANTF और NCORD के साथ-साथ राज्य सरकारें, जिला पुलिस, शिक्षा अधिकारी, धार्मिक नेता और युवा संगठन भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने विदेशी ड्रग तस्करों को भारतीय कानून के दायरे में लाने के लिए मजबूत प्रत्यर्पण और निर्वासन प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया…

 

 

नईदिल्ली (ए)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देशव्यापी ऑनलाइन ड्रग नष्ट करने अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत देश के 11 स्थानों पर करीब 4,800 करोड़ रुपये की 1.37 लाख किलोग्राम अवैध ड्रग्स नष्ट की गई। इस मौके पर शाह ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित किया और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की वार्षिक रिपोर्ट 2024 भी जारी की।

अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार छोटे ड्रग डीलरों से लेकर बड़े कार्टेल्स तक पूरे नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में सख्ती से काम कर रही है। इसमें प्रवेश बिंदु, वितरण चैनल और स्थानीय बिक्री तक सभी स्तरों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने ANTF प्रमुखों से अपील की कि वे डार्कनेट विश्लेषण, क्रिप्टोकरेंसी ट्रैकिंग, मेटाडेटा विश्लेषण और मशीन लर्निंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल कर ड्रग नेटवर्क को तोड़ें।

गृह मंत्री ने यह भी कहा कि ड्रग-फ्री इंडिया का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब NCB, ANTF और NCORD के साथ-साथ राज्य सरकारें, जिला पुलिस, शिक्षा अधिकारी, धार्मिक नेता और युवा संगठन भी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने विदेशी ड्रग तस्करों को भारतीय कानून के दायरे में लाने के लिए मजबूत प्रत्यर्पण और निर्वासन प्रणाली की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसे CBI और राज्यों के सहयोग से लागू किया जाना चाहिए।

शाह ने सिंथेटिक ड्रग्स और अवैध लैब्स के बढ़ते खतरे की चेतावनी दी। उन्होंने राज्यों से कहा कि ऐसी इकाइयों को तुरंत पहचान कर नष्ट करें। साथ ही, उन्होंने सभी राज्यों को तिमाही आधार पर वैज्ञानिक ढंग से जब्त किए गए ड्रग्स को नष्ट करने की परंपरा अपनाने की सलाह दी ताकि ये समाज के लिए खतरा न बनें।

उन्होंने बताया कि 2014 से 2025 के बीच सरकार ने 1 करोड़ किलोग्राम से अधिक ड्रग्स जब्त किए जिनकी कीमत 1.65 लाख करोड़ रुपए थी। इसी अवधि में 71,600 करोड़ रुपए मूल्य के ड्रग्स नष्ट किए गए, जबकि 2004 से 2014 के बीच यह आंकड़ा सिर्फ ₹8,150 करोड़ था। गिरफ्तारी के मामलों में भी भारी वृद्धि हुई 2004 से 2014 तक 1.73 लाख लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 2014 से 2025 के बीच 7.61 लाख गिरफ्तारियां हुईं। अवैध ड्रग्स की खेती वाली भूमि पर भी बड़ी कार्रवाई हुई, जिसमें अकेले 2023 में 31,761 एकड़ भूमि नष्ट की गई।

अमित शाह ने राज्यों से विशेष स्क्वॉड बनाने की अपील की ताकि वित्तीय लेनदेन, हवाला नेटवर्क, क्रिप्टो लेनदेन और साइबर कनेक्शन का पता लगाया जा सके। उन्होंने नारकोटिक्स-फोकस्ड फोरेंसिक लैब्स की आवश्यकता पर भी जोर दिया। शाह ने कहा कि ड्रग नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए ऊपर से नीचे और नीचे से ऊपर दोनों तरीकों से काम करना होगा और यह सुनिश्चित करना होगा कि लड़ाई जमीनी स्तर तक पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button