खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

अहमदाबाद में सिक्योरिटी सुपर टाइट: 6000 सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात; पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह सहित कई राज्य के सीएम रहेंगे मौजूद

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कल ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मैच है। ऐसे में अहमदाबाद शहर और स्टेडियम की सिक्योरिटी चाक चौबंद की जा रही है। अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इसके लिए शहर और स्टेडियम में 6 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे…

अहमदाबाद (ए)। भारत और पांच बार की वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के बीच कल यानी 19 नवंबर को क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मैच होना है। ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है। लिहाजा पूरे शहर और स्टेडियम की सुरक्षा के लिए 6 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त जीएस मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्ल्स उन प्रमुख हस्तियों में से होंगे जिनके शहर के मोटेरा इलाके में आईसीसी क्रिकेट विश्व कप के फाइनल के दौरान मौजूद रहने की उम्मीद है।

पुलिस कमिश्नर मलिक ने मीडिया को बताया कि स्टेडियम में एक लाख से अधिक दर्शकों की आवाजाही और कई गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए गुजरात पुलिस, रेपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ), होम गार्ड के जवानों के साथ विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मलिक ने कहा, ‘‘यह सुनिश्चित करने के लिए कि यह ऐतिहासिक मुकाबला बिना किसी परेशानी के पूरा हो, इसके ले 6 हजार से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। इन 6 हजार कर्मियों में से लगभग 3 हजार को स्टेडियम के अंदर तैनात किया जाएगा जबकि बाकियों को अन्य प्रमुख स्थानों, जैसे होटल जहां खिलाड़ी और अन्य गणमान्य व्यक्ति ठहरेंगे, की सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा।’’

श्री मलिक ने कहा कि आरएएफ की एक कंपनी स्टेडियम के अंदर तैनात की जाएगी जबकि दूसरी कंपनी स्टेडियम के बाहर तैनात होगी। उन्होंने बताया कि शहर पुलिस ने कार्यक्रम स्थल के अंदर वायरलेस नेटवर्क से लैस एक अस्थायी कमांड और नियंत्रण केंद्र बनाया है जो मोबाइल नेटवर्क के विफल होने पर भी काम करेगा। मलिक ने कहा कि महानिरीक्षक और उप महानिरीक्षक पद के चार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और 23 पुलिस उपायुक्त मैच के दिन कर्मियों की निरीक्षण और मार्गदर्शन करेंगे। मलिक ने कहा कि 39 सहायक पुलिस आयुक्त और 92 पुलिस निरीक्षक उनकी सहायता करेंगे।

अहमदाबाद पुलिस प्रमुख ने कहा कि मैच के दौरान किसी भी रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (सीबीआरएन) आपात स्थिति का जवाब देने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमों को भी शहर में तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘बम डिटेक्शन और डिस्पोजल दस्ते’ की 10 टीमों के साथ-साथ चेतक कमांडो की दो टीमें, एक विशिष्ट इकाई स्टेडियम के पास तैनात रहेंगी। यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिस को संभावित खतरे के संबंध में कोई जानकारी मिली है तो मलिक ने कहा कि मीडिया को भारत के बाहर बैठे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जारी की गई ऐसी धमकियों को उजागर नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हम किसी भी खतरे के लिए अच्छी तरह से तैयार हैं। कनाडा या किसी अन्य देश में बैठे कुछ लोग सिर्फ धमकी भरा ईमेल भेजते हैं या किसी धमकी का ऑडियो या वीडियो साझा करते हैं और मीडिया इसकी हाईप बना देता है। मेरा मानना है कि ऐसी चीजों पर ध्यान देने की कोई जरूरत नहीं है।’’

स्टेडियम में फाइनल मैच के दौरान मौजूद रहने वाले अन्य गणमान्य व्यक्तियों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी, सिंगापुर के गृह मामलों और कानून मंत्री के. शनमुगम, तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा और मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनरेड संगमा शामिल हैं। भारतीय वायु सेना की प्रसिद्ध सूर्य किरण एरोबेटिक्स टीम रविवार को मैच से पहले एक एयर शो भी करेगी। एक लाख 32 हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम में मैच दोपहर 2 बजे शुरू होगा। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक अपने सभी 10 मुकाबले जीते हैं।

पुलिस ने कहा कि मेट्रो रात 1 बजे तक चालू रहेगी. मलिक ने लोगों से अनुरोध किया कि वे मैच के दिन आने-जाने के लिए मेट्रो का अधिकतम उपयोग करें क्योंकि सुरक्षा के अलावा, ट्रैफिक भी एक चैलेंज है क्योंकि स्टेडियम में 1,00,000 से अधिक दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है. मलिक ने कहा, “भारतीय प्रधानमंत्री भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट विश्व कप फाइनल (कल) देखने आएंगे.”

वहीं समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, अहमदाबाद अग्निशमन विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी जयेश खड़िया ने कहा, “जिन होटलों में भारत और ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट टीमें रुकी हैं, वहां अग्निशमन विभाग तैनात किया गया है. इसके अलावा, स्टेडियम में फायरफाइटर्स के साथ-साथ बचाव उपकरण तैनात किए गए हैं. प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, सभी वीवीआईपी को एक अलग अग्निशमन विभाग की टीम सौंपी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button