खास खबरफीचर्डविविध

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का हुआ आगाज, भारत का आज बांग्लादेश से मुकाबला

पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉम लाथम और विल यंग के शतकों से 50 ओवर में पांच विकेट पर 320 रन बनाए थे। जवाब में गत चैंपियन पाकिस्तान की पूरी टीम 47.2 ओवर में 260 रन पर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान के लिए खुशदिल शाह और बाबर आजम ने अर्धशतक जड़े, लेकिन यह टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रहे…

 

नईदिल्ली (ए)। दुनिया की शीर्ष आठ टीमों के बीच बुधवार से चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत हो गई। आठ साल बाद इस टूर्नामेंट का आयोजन फिर से हुआ। दिलचस्प बात यह है कि इसका आयोजन हाइब्रिड मॉडल की तर्ज पर हुआ, जिसमें इसके मुकाबले पाकिस्तान और दुबई में खेले जाएंगे। भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के लिए पाकिस्तान की यात्रा करने से इन्कार कर दिया था जो टूर्नामेंट का मेजबान है जिसके बाद आईसीसी ने भारत के मुकाबले दुबई में कराने का फैसला किया है।

चैंपियंस ट्रॉफी के लिए आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश हैं, जबकि ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया हैं। अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगी और दो टीमों के बीच नौ मार्च को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। भारत अगर टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में पहुंचने में सफल रहा तो फाइनल मैच दुबई में ही आयोजित होगा। भारत के फाइनल में नहीं पहुंचने की स्थिति में यह लाहौर में खेला जाएगा।

भारत का पिछले कुछ समय से आईसीसी टूर्नामेंट में प्रदर्शन अच्छा रहा है। दिलचस्प बात यह है कि टीम इंडिया ने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप का खिताब जीता था और अब उसके पास छह महीने के अंदर दूसरा आईसीसी खिताब जीतने का मौका रहेगा। भारतीय टीम पिछली बार विजेता बनने से चूक गई थी और उसे फाइनल में पाकिस्तान से हार का सामना करना पड़ा था। भारत ने आखिरी बार 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था और अब 12 साल बाद टीम की नजरें एक बार फिर इस खिताब को अपने नाम करने पर टिकी होंगी।

भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल चैंपियंस ट्रॉफी से एक दिन पहले अचानक से घर लौट गए हैं। दरअसल, मोर्कल के पिता का निधन हो गया है जिस कारण उन्हें टूर्नामेंट के बीच से स्वदेश लौटना पड़ा है। भारत चैंपियंस ट्रॉफी में अपने अभियान की शुरुआत गुरुवार को बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले से करेगा।

भारत बनाम बांग्लादेश चैंपियंस ट्रॉफी 2025 मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, भारत में लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। ये मुकाबला आज 20 फरवरी को दुबई के दुबई इंटरनेशनल मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद 23 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबला होगा। फिर 2 मार्च को टीम इंडिया को न्यूजीलैंड की चुनौती से पार पाना होगा। भारतीय समय के अनुसार मैच दोपहर ढाई बजे से शुरू होगा।

भारत और बांग्लादेश अब तक 42 बार आमने-सामने हुए हैं, जिनमें से 33 बार टीम इंडिया को जीत मिली है। जबकि बांग्लादेश ने 8 बार जीत का स्वाद चखा है। हालांकि, एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला।

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए दोनों टीमों की टीमें
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद शमी, अर्शदीप सिंह, रविंद्र जड़ेजा, वरुण चक्रवर्ती।

बांग्लादेश: नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), सौम्य सरकार, तन्जीद हसन, तौहीद हृदोय, मुश्फिकुर रहीम, मोहम्मद महमूदुल्लाह, जकर अली अनिक, मेहदी हसन मिराज, रिशाद हुसैन, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, परवेज हुसैन इमोन, नसुम अहमद, तन्जीम हसन साकिब, नाहिद राणा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button