दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

आदर्श आचरण संहिता का अक्षरसः पालन करें अधिकारी-कर्मचारी : कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी

दुर्ग। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य में नगरीय निकाय एवं त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के कार्यक्रम की घोषणा के उपरांत दुर्ग जिले में भी आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गयी है। अधिकारी-कर्मचारी आदर्श आचार संहिता का अक्षरसः पालन करना सुनिश्चित करें। इस दौरान वाट्सएप पर किसी भी पार्टी, व्यक्ति, जाति, धर्म के संबंध में किसी भी प्रकार की पोस्ट करने स्वयं भी बचे और अधिनस्थों को भी ऐसा न करने निर्देशित करे। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही निर्वाचन परिणाम तक अधिकारी-कर्मचारी निर्वाचन आयोग के अधीन रहेंगे।

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभा कक्ष में अधिकारियों की बैठक में चुनाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए उक्त बाते कही। उन्होेंने अवगत कराया कि दुर्ग जिले में नगरीय निकायों का निर्वाचन एक चरण में एवं त्रिस्तरीय पंचायतों का निर्वाचन तीन चरणों में सम्पन्न कराया जाएगा।

नगरीय निकायों के लिए नामांकन 22 जनवरी 2025 से प्रारंभ होगा। नामांकन की अंतिम तिथि 28 जनवरी 2025 होगी। 31 जनवरी 2025 को नाम वापसी तथा मतदान 11 फरवरी 2025 को और मतगणना 15 फरवरी 2025 को संपन्न होगी। त्रिस्तरीय पंचायत के लिए नामांकन 27 जनवरी 2025 से 3 फरवरी 2025 तक, 6 फरवरी 2025 को नाम वापसी तथा 17, 20 एवं 23 फरवरी 2025 को तीन चरणों में चुनाव संपन्न होगा। नगरीय निकायों में चुनाव ईव्हीएम से व त्रिस्तरीय पंचायत का मतदान मतपत्र से होना है।

कलेक्टर सुश्री चौधरी ने अधिकारियों की ड्यूटी आदेश अनुसार सभी को कर्तव्य के बेहतर निर्वहन के निर्देश दिए है। उन्होंने ईव्हीएम, मतपत्र व मतपेटी के समुचित प्रबंध, नामांकन की सभी जगह तैयारी और मतदान केन्द्रों में सभी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर ने सभी आरओ, ईआरओ को आयोग के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और चुनाव संबंधित सभी कार्यों पर विशेष ध्यान देने कहा है।

इस अवसर पर एडीएम अरविन्द एक्का, सहायक कलेक्टर एम. भार्गव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, सभी नगरीय निकायों के आयुक्त, नगर पालिका नगर पंचायतों के सीएमओ और समस्त विभाग के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button