दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

अमलेश्वर में आयोजित हुई जन समस्या निवारण शिविर: सभी विभागों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर लोगों की समस्याओं के शत प्रतिशत निराकरण का किया प्रयास

दुर्ग। अमलेश्वर में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में सभी विभागों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर लोगों की समस्याओं के शत प्रतिशत निराकरण का प्रयास किया। इस शिविर में कुल 21 विभागों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी जिसमें उन्हें कुल 386 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें 370 आवेदन मांग पर आधारित, 8 आवेदन शिकायत के थे। जिसमें 12 मांगों का निराकरण त्वरित किया गया इसके अलावा 366 मांगे व 9 शिकायत लंबित हैं। लोग इस शिविर में व्यक्तिगत आवेदनों के साथ-साथ जनहित में आधारित आवेदन भी लगा रहे थे। इसी कड़ी में एक आवेदक ने एटीपी मशीन की मांग नगर पंचायत में की थी ताकि यहां के लोग बिजली बिल का भुगतान सरल एवं सुगम तरीके से कर सकें। कई लोगों ने पानी और बिजली संबंधित बुनियादी समस्याओं के लिए भी आवेदन किए थे, जिसका निराकरण संबंधित विभाग के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे भी उपस्थित थे ,जहां उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभाग को आवेदन प्रेषित किए। उन्होंने उपस्थित सभी अधिकारियों को आवेदनों को गंभीरता से लेने और त्वरित निराकरण करने के लिए कहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सुपुत्र चैतन्य बघेल, मुख्यमंत्री ओएसडी आशीष वर्मा, एसडीएम विपुल गुप्ता और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

शिविर में वैक्सीनेशन कैंप का भी आयोजन किया गया था। जिसमें कुल 30 लोगों ने कोविड-19 वैक्सीनेशन कराया। स्वास्थ्य विभाग अपने स्टाल के माध्यम से अन्य बीमारियों के लिए भी दवाइयां एवं परामर्श मुहैया करा रहा था। स्वास्थ्य सेवा के अंतर्गत कुल 175 लोगों ने अपनी जांच करवाई।

शिविर में 17 बालिकाओं को मुख्यमंत्री नोनी सुरक्षा योजना के तहत श्रम विभाग के द्वारा 20,000 की चेक प्रदान किये गए। कृषि विभाग से 5 कृषक हितग्राहियों को बैटरी चलित स्प्रिंकल भी प्रदान की गई , इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 4 बच्चो का अन्नप्राशन और 6 महिलाओं की गोद भराई व एक हितग्राही को जननी सुरक्षा योजना के तहत 20 हजार का चेक प्रदान किया गया। शिविर में 5 हितग्राहियों को बी पी राशन कार्ड भी दिया गया।

वर्तमान में आधार कार्ड के महत्व को समझते हुए, इसके पंजीयन एवं सुधार कार्य के लिए एक अलग सेक्शन रखा गया था जिसमें कुल 45 लोगों ने इसका लाभ उठाया। शिविर में आने वाले सभी लोगों को विभागों के द्वारा शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी मुहैया कराई गई।

Related Articles

Back to top button