दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

उपभोक्ताओं से संपर्क कर सोलर प्लांट स्थापित करने की कार्यवाही को शीघ्र पूर्ण किया जाए : कलेक्टर अभिजीत सिंह

दुर्ग। पीएम सूर्य घर योजना के सफल और त्वरित क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले के सभी कार्यपालन अभियंता, सोलर वेंडर, लीड बैंक मैनेजर और विभिन्न बैंकों के अन्य मैनेजर उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने योजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष कार्य को तेजी से पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी सोलर वेंडर और विभागीय अधिकारी मिलकर सम्मिलित प्रयास करें ताकि जिले को आवंटित लक्ष्य को पूरा किया जा सके।

कलेक्टर श्री सिंह ने विशेष रूप से उन उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जो पूर्व में रजिस्ट्रेशन कर चुके हैं लेकिन जिन्होंने अभी तक वेंडर का चयन नहीं किया है। उन्होंने अधिकारियों और वेंडरों को निर्देश दिया कि ऐसे उपभोक्ताओं से संपर्क कर सोलर प्लांट स्थापित करने की कार्यवाही को शीघ्र पूर्ण किया जाए।

कलेक्टर ने अधिकारियों और बैंकों को निर्देश दिए कि शेष आवेदनों पर भी तेजी से कार्यवाही की जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इस योजना का लाभ मिल सके। इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने सभी बैंक मैनेजरों को निर्देश दिया कि पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत लोन की प्रक्रिया में त्वरित कार्यवाही करें ताकि लाभार्थियों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।

विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता ने बैठक में पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत जिले की वर्तमान प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत कुल 5910 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1463 सोलर प्लांट स्थापित किये जा चुके हैं। कार्यपालन अभियंता ने बताया कि 1152 उपभोक्ताओं को शासन द्वारा दी जाने वाली सब्सिडी भी प्रदान की जा चुकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button