खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

ऋषभ पंत ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले दिल्ली के पहले और IPL के सातवें खिलाड़ी बने

ऋषभ पंत ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए एक बेहद खास उपलब्धि हासिल कर ली है. इससे पहले DC के लिए कोई भी खिलाड़ी ऐसा नहीं कर पाया है…

जयपुर (ए)। 2024 में इंडियन प्रीमियर लीग का 17वां सीजन अभी तक रोमांच से भरा रहा है और लगभग हर एक मैच में नए रिकॉर्ड बन रहे हैं. आईपीएल 2024 का 9वां मैच जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जा रहा है. इस मैच के लिए मैदान में उतरते ही दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत ने एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली है. वो अब आईपीएल में DC के लिए 100 मैच खेलने वाले इतिहास के सबसे पहले खिलाड़ी बन गए हैं. वो IPL में किसी एक टीम के लिए 100 मैच पूरे करने वाले सातवें खिलाड़ी भी बन गए हैं।

ऋषभ पंत अब DC के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बने हैं. अभी तक ये रिकॉर्ड अमित मिश्रा के नाम था, जिन्होंने 10 अलग-अलग सीजन में DC के लिए कुल 99 मैच खेले थे. श्रेयस अय्यर ने भी अपने करियर में 7 सीजन दिल्ली का प्रतिनिधित्व किया है, जिनमें उन्होंने कुल 87 मुकाबले खेले थे।

दिल्ली कैपिटल्स के लिए चौथे सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी डेविड वॉर्नर हैं, जिन्होंने इस फ्रैंचाइज़ी के लिए 82 मैच खेले हैं. वहीं वीरेंद्र सहवाग वैसे तो रिटायर हो चुके हैं, लेकिन उन्होंने अपने आईपीएल करियर में DC के लिए 79 मैच खेले थे।

CSK के लिए सबसे पहले 100 मैच खेलने वाले खिलाड़ी सुरेश रैना बने थे. रैना ने अपने करियर में 12 साल चेन्नई सुपर किंग्स को समर्पित किए थे. वहीं मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज 100 मुकाबले पूरे करने वाले खिलाड़ी हरभजन सिंह बने. RCB के लिए यह उपलब्धि सबसे पहले विराट कोहली ने अपने नाम की, जो साल 2008 से ही इस फ्रैंचाइज़ी के लिए खेल रहे हैं. वहीं KKR को अपनी कप्तानी में 2 बार चैंपियन बनाने वाले गौतम गंभीर ने इस फ्रैंचाइज़ी के लिए सबसे तेज 100 मैच पूरे किए थे।

अजिंक्य रहाणे अपने आईपीएल करियर में कई टीमों के लिए खेले हैं, लेकिन उन्होंने सबसे पहले 100 मुकाबले राजस्थान रॉयल्स के लिए खेले थे. सनराइजर्स हैदराबाद के लिए यह उपलब्धि भुवनेश्वर कुमार ने हासिल की थी, जो 2024 में लगातार 11वां सीजन SRH के लिए खेल रहे हैं. वहीं दिल्ली कैपिटल्स के लिए ऋषभ पंत इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं. ये तथ्य आपको चौंका सकता है कि आज तक किसी खिलाड़ी ने पंजाब किंग्स के लिए 100 मैच नहीं खेले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button