खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

एक्सप्रेसवे पर महिला टोलकर्मी को 160 रुपए मांगना पड़ा महंगा, ड्राइवर ने चढ़ा दी स्विफ्ट कार

टोल पर तैनात महिला सुपरवाइजर मनीषा चौधरी ने जांच की तो पता चला फास्टैग ब्लैकलिस्ट था, जिसपर महिला कर्मी ने कार सवार से 160 रुपए मांगे…

मेरठ (ए)। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर मेरठ के काशी टोल प्लाजा पर कार सवार से 160 रुपए मांगना टोलकर्मी महिलाकर्मी को भारी पड़ गया. व्यापारी के रईसजादे बेटे ने कार के सामने खड़ी महिला टोलकर्मी को कुचलने का प्रयास किया और महिला टोलकर्मी पर कार चढ़ा दी. ये पूरी वारदात काशी टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है. जिसने भी इस दिल दहला देने वाली घटना की वीडियो को देखा उसी की रूह कांप गई।

मेरठ के परतापुर थाना इलाके के काशी टोल प्लाजा पर ये वारदात सोमवार दोपहर की है. नोएडा की तरफ से UP 15 ईए 2905 स्विफ्ट कार काशी टोल प्लाजा मेरठ पर रुकी तो टोल रीड नहीं हुआ. टोल पर तैनात महिला सुपरवाइजर मनीषा चौधरी ने जांच की तो पता चला फास्टैग ब्लैकलिस्ट था, जिसपर महिला कर्मी ने कार सवार से 160 रुपए मांगे।

इस पर कार सवार ने पैसे देने के बजाय कार के सामने खड़ी महिला सुपरवाइजर को कुचलने का प्रयास करते हुए कार चढ़ा दी और बूम तोड़ता हुआ मेरठ की तरफ भाग खड़ा हुआ. कार महिला सुपरवाइजर के पैर पर चढ़ गई और उसकी हड्डी टूट गई. महिला को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे पर काशी टोल प्लाजा पर टोल की महिला सुपरवाइजर मनीषा चौधरी पर कार चढ़ाने की घटना से काशी टोल पर तैनात स्टाफ दहशत में हैं. टोलकर्मी घबराए हुए हैं कि 160 रुपए मांगने पर कार सवार ने कितना दुस्साहस दिखाया कि महिला कर्मी को जान से मारने का प्रयास किया. टोल के मैनेजर प्रमोद ने बताया कि उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि 160 रुपए बचाने के लिए भी कोई ऐसा कर सकता है. उन्होंने बताया कि परतापुर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है, लेकिन टोलकर्मी डरे हुए हैं।

काशी टोल प्लाजा पर हुई वारदात के मामले में पुलिस ने 307 में मुकदमा दर्ज कर लिया है. टोल पर लगे कैमरे में गाड़ी के नंबर की जांच की गई तो पता चला कि कंकरखेड़ा थाना इलाके के फाजलपुर के रहने वाले व्यापारी मनोज के बेटे सागर राणा की स्विफ्ट कार है।

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कार को सागर चला रहा था या कोई और इसकी जांच की जा रही है. सागर के पिता मनोज से पूछताछ चल रही है और सागर को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया है. एसपी सिटी ने कहा कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी होगी और सख्त एक्शन भी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button