दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

कलेक्टर अभिजीत सिंह ने घर-घर कचरा संग्रहण और यूजर चार्ज वसूली के दिए निर्देश

दुर्ग। जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेड सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे ने कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में दिए गए निर्देशों के पालन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि जिले के समस्त 381 ग्रामों को ओडीएफ प्लस मॉडल घोषित किया जा चुका है तथा उनका सत्यापन पूर्ण हो चुका है। जनपद पंचायत दुर्ग के एक ग्राम में एमआईएस की तकनीकी समस्या के कारण प्रविष्टि शेष है। साथ ही मॉडल ग्रामों का प्रत्येक छह माह में सत्यापन किया जाएगा।

कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया। उन्होंने प्रत्येक घर से निर्धारित यूजर चार्ज नियमित रूप से वसूलने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वच्छताग्राही समूह को 15वें वित्त आयोग से मानदेय नियमित रूप से भुगतान सुनिश्चित करने को कहा। जिन ग्राम पंचायतों में मानदेय भुगतान नहीं किया गया है, उन्हें 15 दिवस के भीतर मानदेय भुगतान कर प्रतिवेदन प्रेषित किये जाने के निर्देश दिये गये।

बैठक में महतारी सदन में शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने ग्राम मेड़ेसरा में अपूर्ण शौचालय को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित शौचालयों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने के लिए कहा। कलेक्टर ने बर्तन बैंक की भी समीक्षा की और बड़े कार्यक्रमों एवं समारोहों में इसके उपयोग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि एकल उपयोग प्लास्टिक पर रोक लगाई जा सके।

इसके अलावा प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट और फीकल स्लज प्रबंधन की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में डी-स्लज वाहनों के उपयोग को बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ को ग्रामीण इलाकों में अधिक से अधिक डी-स्लज वाहनों के उपयोग के लिए लोगों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। सीईओ श्री दुबे ने बताया कि जिले में वर्तमान में 5 फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट एवं 3 प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट क्रियाशील हैं।

बैठक में जिला पंचायत के उप संचालक आकाश सोनी, जनपद पंचायत दुर्ग के सीईओ रूपेश पाण्डेय, पाटन के सीईओ जागेन्द्र साहू, धमधा के सीईओ श्री कौशिक, कार्यपालन अभियंता तांदुला आशुतोष सारस्वत, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा जे.के. मेश्राम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button