खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

आज से तीन दिन राज्योत्सव की धूम: सीएम डॉ.मोहन यादव करेंगे शुभारंभ, फ्री बस की सेवा, बनेंगे लर्निग ड्राइविंग लाइसेंस

रायपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस राज्योत्सव 2024 का शुभारंभ 4 नवंबर को संध्या 6 बजे नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव ग्राउंड में होगा। राज्योत्सव के आयोजन को लेकर भव्य तैयारियां की गई हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राज्योत्सव में शामिल होने के लिए अपरान्ह 3.40 बजे स्वामी विवेकानंद माना एयरपोर्ट आएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव संध्या 6 बजे राज्योत्सव स्थल पहुंचेंगे और शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव रात्रि 7.50 बजे राज्योत्सव स्थल से माना एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे और वहां से भोपाल के लिए रवाना होंगे।

राज्योत्सव स्थल तूता में बनेंगे लर्निग ड्राइविंग लाइसेंस, आरटीओ कार्यालय लगाएगा स्टॉल: रायपुर का आरटीओ ऑफिस आम जनों की सुविधा के लिए अगले तीन दिन राज्योत्सव स्थल तूता में लर्निंग लाइसेंस बनाएगा। इसके लिए आरटीओ कार्यालय राज्योत्सव स्थल पर सुसज्जित स्टॉल लगा रहा है। यह स्टॉल कृषि विभाग के स्टॉल बाजू में लगेगा। वाहन चलाने के लिए लर्निंग लाइसेंस बनाने वाले ज़रूरी दस्तावेज के साथ स्टॉल में लाइसेंस बनवा सकते है।

राज्योत्सव के लिए दर्शकों को मिलेगी निःशुल्क बस सेवा: राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय व्यापार परिसर तूता में तीन दिनी राज्योत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रायपुर शहर से राज्योत्सव स्थल तक जाने और वापस आने के लिए ज़िला प्रशासन द्वारा दर्शकों को 4 से 6 नवंबर तक निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। चार तारीख़ से दोपहर तीन बजे से हर घंटे बसें तूता नवा रायपुर के लिये रवाना होंगी।

निःशुल्क बस सेवा रायपुर शहर के रेलवे स्टेशन स्टैंड, कालीबाडी चौक, पचपेड़ी नाका और भाटागाँव नये बस स्टैंड से संचालित होंगी। ऐसी बसों पर ‘राज्योत्सव हेतु निःशुल्क बस सेवा’ प्रदर्शित रहेगा। रायपुर शहर से बसें दोपहर तीन बजे, चार बजे, पाँच बजे, शाम छह बजे, सात बजे, आठ बजे और रात्रि नौ बजे रवाना होंगी। इसी तरह तूता राज्योत्सव स्थल से रायपुर शहर वापसी के लिए यही बसें शाम चार बजे, पाँच बजे, छह बजे, सात बजे, आठ बजे, रात्रि नौ बजे और अंतिम बस रात्रि दस बजे रवाना होंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button