दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

बीएसपी कर्मचारियों ने 34वीं सीआईआई राष्ट्रीय कार्य-कौशल प्रतियोगिता-2024 में जीते 9 पुरस्कार

भिलाई इस्पात संयंत्र के कुल 09 कर्मचारियों ने, भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा, 18 से 20 अप्रैल 2024 तक नई दिल्ली में आयोजित, 34वीं सीआईआई राष्ट्रीय कार्य-कौशल प्रतियोगिता 2024 में पुरस्कार जीते हैं। देश भर के विभिन्न निजी और सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों के 211 प्रतिभागियों के बीच, बीएसपी के कर्मचारियों ने छह ट्रेडों में जीत हासिल की है। जिसमें कारपेंट्री, इलेक्ट्रिकल, इंडस्ट्रीयल हाइड्रोलिक्स, पीएलसी, टर्नर और वेल्डर ट्रेड शामिल हैं।

इस उपलब्धि के लिए निदेशक प्रभारी (सेल-बीएसपी) अनिर्बान दासगुप्ता ने 25 अप्रैल 2024 को इस्पात भवन में, विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) एस मुखोपाध्याय, कार्यपालक निदेशक (रावघाट) समीर स्वरुप, कार्यपालक निदेशक (कार्मिक एवं प्रशासन) पवन कुमार, कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) तापस दासगुप्ता, मुख्य महाप्रबंधक (एचआरडी एवं बीई) निशा सोनी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

नई दिल्ली में तीन दिवसीय राष्ट्रीय कार्य कौशल प्रतियोगिता 2024 में बीएसपी के कुल 13 कर्मचारियों ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। जिनमें से 09 ने प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एसएमएस-2 के श्री प्रमोद भोंडेकर ने कारपेंट्री ट्रेड में प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि एमआरडी के रामसजन ने कारपेंट्री ट्रेड में दूसरा पुरस्कार प्राप्त किया। पीबीएस-2 के कार्तिक राम भगत ने इलेक्ट्रिकल ट्रेड में दूसरा पुरस्कार और सीओ एवं सीसीडी के अखिलेश कुमार ठाकुर ने इंडस्ट्रीयल हाइड्रोलिक्स ट्रेड में दूसरा पुरस्कार जीता।

टी एंड डी विभाग से कुंचे साई किरण ने पीएलसी ट्रेड में प्रथम पुरस्कार तथा बीएफसी एवं एसजीपी के अखिल कुमार राठौड़ ने इसी ट्रेड में दूसरा पुरस्कार हासिल किया। दल्ली मैकेनाइज्ड माइंस के ईश्वर लाल डड़सेना ने टर्नर ट्रेड में प्रथम पुरस्कार जीता, जबकि बीआरएम के विजय महादेवराव वारघने ने टर्नर ट्रेड में दूसरा स्थान प्राप्त किया। साथ ही वेल्डर ट्रेड में मार्स-3 के परमेशर को प्रथम पुरस्कार मिला।

इस अवसर पर अनिर्बान दासगुप्ता ने प्रतियोगिता के विजेताओं को संगठन का नाम रौशन करने के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अनिर्बान दासगुप्ता ने कहा, कि जब हमारे संयंत्र के कर्मचारी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं और जीतते हैं, तो इससे न केवल संयंत्र का नाम रोशन होता है, बल्कि अन्य कर्मचारियों को भी भाग लेने के लिए प्रेरणा मिलती है। हमारे कर्मचारी ट्रेडिशनल ट्रेड्स में बहुत कुशल हैं। हालाँकि, हमें आईटी, मेक्ट्रोनिक्स, वेब डिज़ाइनिंग आदि सहित नए युग के ट्रेडों में अपनी भागीदारीता को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है।

प्रतिभागियों को इन प्रतियोगिताओं की अच्छी तैयारी हेतु सुविधा प्रदान करने के लिए प्रयोगशाला, उपकरण और अन्य सामग्री एवं सभी आवश्यक संसाधन सुनिश्चित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, विजेताओं को अपने साथियों को भी ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

अनिर्बान दासगुप्ता ने कार्यपालक निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर, विजेता प्रतिभागियों के साथ बातचीत की। साथ ही आगामी प्रतियोगिताओं में भागीदारी को बढ़ाने और प्रदर्शन को और बेहतर करने के लिए प्रतिभागियों के साथ अपने मूल्यवान विचार साझा किये।

उल्लेखनीय है कि ईडी (वर्क्स) ट्रॉफी कार्य कौशल प्रतियोगिता के विजेताओं को सीआईआई क्षेत्रीय कार्य कौशल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए भेजा जाता है। जो आगे वार्षिक सीआईआई राष्ट्रीय कार्य-कौशल प्रतियोगिता के लिए पात्रता प्राप्त करते हैं। ईडी (वर्क्स) कार्य कौशल ट्रॉफी प्रतियोगिता 2023-24 का आयोजन, 10 अलग-अलग ट्रेडों में किया गया था। जिसमें प्राप्त 355 नामांकनों में से, संयंत्र और माइंस के 294 कर्मचारियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button