खास खबरफीचर्डविविध

कोलकाता नहीं, अब इस शहर में खेला जाएगा आईपीएल 2025 का फाइनल, BCCI ने घोषित किया प्लेऑफ का कार्यक्रम

बीसीसीआई ने शेष मुकाबलों के लिए संशोधित कार्यक्रम की घोषणा कर दी थी, लेकिन फाइनल और प्लेऑफ के वेन्यू नहीं बताए थे। माना जा रहा था कि कोलकाता ने फाइनल की मेजबानी छीन सकती है और मंगलवार को आधिकारिक तौर पर इस पर मुहर भी लग गई…

 

नईदिल्ली (ए)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल 2025 के प्लेऑफ का संशोधित कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके अनुसार, अब इस सीजन का खिताबी मुकाबला कोलकाता के ईडेन गार्डेंस की जगह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते आईपीएल का मौजूदा सीजन एक सप्ताह के लिए स्थगित हुआ था जो 17 मई से दोबारा शुरू हुआ था।

बीसीसीआई ने शेष मुकाबलों के लिए संशोधित कार्यक्रम की घोषणा कर दी थी, लेकिन फाइनल और प्लेऑफ के वेन्यू नहीं बताए थे। माना जा रहा था कि कोलकाता ने फाइनल की मेजबानी छीन सकती है और मंगलवार को आधिकारिक तौर पर इस पर मुहर भी लग गई। बीसीसीआई के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, न्यू चंडीगढ़ का पीसीए स्टेडियम 29 मई को क्वालिफायर-1 और 30 मई को एलिमिनेटर मुकाबले की मेजबानी करेगा।

वहीं, दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम नरेंद्र मोदी स्टेडियम एक जून को क्वालिफायर-2 और तीन जून को फाइनल मुकाबले की मेजबानी करेगा। पुराने कार्यक्रम के मुताबिक, हैदराबाद और कोलकाता को प्लेऑफ मुकाबले की मेजबानी करनी थी। आईपीएल ने अपने बयान में बताया कि आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने मौसम और अन्य कारणों के चलते प्लेऑफ और फाइनल के वेन्यू में बदलाव किया है।

आईपीएल 2025 का सीजन अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अब तक पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने प्लेऑफ में जगह पक्की कर ली है और मुंबई इंडियंस तथा दिल्ली कैपिटल्स के बीच चौथे स्थान की जंग बरकरार है। गत चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर), लखनऊ सुपर जाएंट्स, चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके), सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया है।

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बंगलूरू में खेला जाने वाले मुकाबले के वेन्यू में भी बदलाव किया है। आरसीबी और हैदराबाद के बीच आईपीएल 2025 का 65वां मुकाबला बंगलूरू में खेला जाना था, लेकिन अब इसे लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल विहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में कराने का फैसला लिया गया है। आईपीएल ने बताया कि बंगलूरू में खराब मौसम को देखते हुए लखनऊ में इस मैच को स्थानांतरित करने का फैसला किया गया है।

इससे पहले आरसीबी और केकेआर के बीच 17 मई को खेला जाने वाला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था और इसमें टॉस भी नहीं हो सका था। भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार तक के लिए बंगलूरू में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और भारी बारिश की संभावना जताई गई है। यही कारण है कि बोर्ड को अंतिम समय में इस मुकाबले के लिए वेन्यू में बदलाव करना पड़ रहा है।

आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने इसके अलावा प्लेऑफ के साथ ही 20 मई से ग्रुप चरण के शेष मुकाबलों के लिए अतिरिक्त एक घंटा जोड़ा है। इसका मतलब यह है कि अगर किसी कारण मैच में देरी होती है तो खेलने के लिए एक अतिरिक्त घंटा उपलब्ध रहेगा। आईपीएल 2025 में अब तक तीन मुकाबले बारिश के कारण रद्द करने पड़े हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button