छत्तीसगढ़फीचर्ड

गृह मंत्रालय, नई दिल्‍ली द्वारा मुंबई में आयोजित संयुक्‍त क्षेत्रीय राजभाषा सम्‍मेलन में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर को मिला तृतीय पुरस्‍कार

रायपुर। राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्‍ली द्वारा प्रति वर्ष क्षेत्रवार राजभाषा सम्‍मेलन का आयोजन किया जाता है जिसमें अलग-अलग मंत्रालयों के अधीन आने वाले विभिन्‍न केंद्रीय कार्यालयों, उपक्रमों, बैंकों तथा नगर राजभाषा कार्यान्‍वयन समितियों को राजभाषा में उल्‍लेखनीय कार्य करने के लिए विभिन्‍न श्रेणियों में क्षेत्रीय राजभाषा पुरस्‍कार से सम्‍मानित किया जाता है ।

इस वर्ष गृह मंत्रालय द्वारा पश्चिम एवं मध्‍य क्षेत्र के संयुक्‍त क्षेत्रीय राजभाषा सम्‍मेलन का आयोजन दिनांक 23.11.2023 को न्‍यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, चेंबूर, मुंबई में किया गया।

इस गरिमामय समारोह में ‘क’ क्षेत्र में स्थित 50 से अधिक कार्मिकों वाले कार्यालयों की श्रेणी में वर्ष 2022-23 के दौरान राजभाषा में उत्‍कृष्‍ट कार्य करने हेतु मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, दक्षिण पूर्व मध्‍य रेलवे, रायपुर को मुख्‍य अतिथि, महामहिम राज्‍यपाल, महाराष्‍ट्र रमेश बैस एवं माननीय केंद्रीय गृह राज्‍यमंत्री, भारत सरकार अजय कुमार मिश्रा के करकमलों द्वारा तृतीय पुरस्‍कार प्रदान किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर की ओर से निकेश कुमार पाण्‍डेय, राजभाषा अधिकारी ने उक्‍त शील्‍ड ग्रहण किया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, रायपुर को उक्‍त पुरस्‍कार प्राप्‍त होने पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार तथा अपर मुख्‍य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्‍फ्रा.) आशीष मिश्रा ने प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त करते हुए मंडल के समस्‍त अधिकारियों / कर्मचारियों तथा राजभाषा विभाग, रायपुर को बधाई दी तथा आशा व्‍यक्‍त की कि भविष्‍य में भी राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय के सम्‍मानित पुरस्‍कार मंडल को प्राप्‍त होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button