खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

गोलीबारी में घायल हुए अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पीएम मोदी ने घटना की निंदा की

डोनाल्‍ड ट्रंप जब पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली कर रहे थे, तभी अचानक हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया. बदमाशों ने एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग की…

नईदिल्ली (ए)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चुनावी रैली में गोलीबारी हुई है, जिसमें वह घायल हो गए हैं. वह स्थानीय समय के मुताबिक शनिवार (13 जुलाई) को पेनसिल्वेनिया के बटलर शहर में चुनावी रैली को संबोधित करने के लिए पहुंचे थे, तभी वहां गोलीबारी शुरू हो गई. इस हमले में पूर्व राष्ट्रपति घायल हुए हैं. समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, उनके चेहरे पर खून लगा हुआ दिखाई दिया. उन्हें सिक्योरिटी ने तुरंत सुरक्षित स्टेज से उतारा।

डोनाल्ड ट्रंप की चुनावी रैली में हुई गोलीबारी की बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ट्रंप के कान के पास से खून निकलते हुए देखा जा सकता है. इस दौरान सीक्रेट सर्विस के जवान उन्हें स्टेज से सुरक्षित नीचे उतार रहे हैं. ट्रंप के प्रवक्ता ने कहा है, “डोनाल्ड ट्रंप ने इस जघन्य हमले के दौरान तुरंत एक्शन लेने के लिए लॉ एनफोर्समेंट और सबसे पहले मदद करने वाले लोगों को धन्यवाद दिया है. वह ठीक हैं और स्थानीय मेडिकल फैसिलिटी में उनकी जांच की जा रही है।”

बटलर काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी रिचर्ड ए. गोल्डिंगर ने बताया कि हमला करने वाले शख्स को ढेर कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि चुनावी रैली में मौजूद एक शख्स की मौत हुई है और एक अन्य भी शायद मारा गया है. जिन अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई है, उनका कहना है कि गोलीबारी की घटना की संभावित हत्या के प्रयास के मामले के तौर पर जांच की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि जाहिर तौर पर सुरक्षा परिधि के बाहर से गोलियां चलाई गई हैं।

पूर्व राष्ट्रपति के बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर ने एबीसी न्यूज से कहा कि उनकी अपने पिता से बात हुई है. वह अभी अस्पताल में ही हैं. ट्रंप जूनियर ने कहा कि उनके पिता की इच्छाशक्ति बहुत मजबूत है, फिलहाल वह निगरानी में हैं. घटनास्थल पर मौजूद रहे रहे चश्मदीद और अमेरिकी सीनेट के लिए चुनाव लड़ रहे डेव मैककॉर्मिक ने बताया कि वह रैली में पहली कतार में बैठे थे, तभी सात या आठ राउंड गोलियां चलीं. लोगों में भगदड़ मच गई और हर कोई जमीन पर लेट गया।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ट्रंप की रैली में हुई गोलीबारी की निंदा की है. उन्होंने कहा, “अमेरिका में इस तरह की हिंसा की कोई जगह नहीं है. ये परेशान करने वाली घटना है. ये उन कुछ वजहों में से एक है, जिस पर देश को एकजुट होना चाहिए. हम लोग ऐसा नहीं होने दे सकते हैं. हम लोग ऐसे नहीं हो सकते हैं. हम लोग इसे माफ भी नहीं कर सकते हैं.” उन्होंने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर्स के साथ हैं और वह ठीक लग रहे हैं।

बाइडेन ने कहा, “प्रमुख बात ये है कि ट्रंप की रैली को बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाना चाहिए था. मगर अमेरिका में इस तरह की राजनीतिक हिंसा होती है, जो बिल्कुल अनसुनी है और उचित नहीं है. हर किसी को इसकी निंदा करनी चाहिए. हर किसी को.” उन्होंने आगे कहा, “फेडरल सरकार की हर एजेंसी मामले की जांच कर रही है और उन्हें लेटेस्ट रिपोर्ट दी जा रही है।”

अमेरिका में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले को लेकर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चिंता जताई है. पीएम मोदी ने रविवार (14 जुलाई 2024) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिये इस हमले को लेकर चिंता व्यक्त की. पीएम मोदी ने इस घटना की भी निंदा की।

पीएम मोदी ने लिखा, “मेरे मित्र और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले से मैं बहुत चिंतित हूं. घटना की कड़ी निंदा करता हूं. राजनीति और लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है. उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों और घायलों के परिवार वालों के साथ हैं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button