खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

चरते-चरते गाय ने खा लिया देशी बम: मुंह में हो गया विस्फोट, पुलिस ने दर्ज किया मामला

देसी बम को कचरे में छिपाकर रखा गया था, ताकि जंगली सूअरों को मारा जा सके. सूअरों की वजह से फसलों को नुकसान पहुंच रहा था…

तिरुपत्तूर (ए)। तमिलनाडु में एक बेहद ही परेशान करने वाली घटना सामने आई है. राज्य के तिरुपत्तूर जिले के अंबूर शहर के पास एक गाय के मुंह में देसी बम फट गया. इस हादसे में गाय में मुंह में गंभीर चोटें आई हैं. शहर के पास पलार नदी के किनारे हुई इस घटना में गाय का मुंह कट गया है. इस घटना की जो तस्वीरें सामने आई हैं, वो बेहद ही विचलित करके रख देने वाली हैं. गाय के मुंह का निचला हिस्सा बुरी तरह कट गया है और उससे खून बह रहा है।

द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने बताया है कि ये गाय अंबुर शहर के पास सेंगिलिकुप्पम गांव के रहने वाले एस प्रवीण कुमार की है. 28 वर्षीय प्रवीण शनिवार को अपनी 10 गायों को लेकर सूख चुके नदी के तल के पास चराने के लिए ले गए थे. नदी के सूखने के बाद खाली हुई जमीन का इन दिनों इस्तेमाल स्थानीय निकाय के जरिए डंपिंग ग्राउंड के तौर पर किया जा रहा है. इस जगह पर काफी ज्यादा घास भी पैदा हो गई है, जिसके लिए प्रवीण अपनी गायों को लेकर यहां आए थे।

गाय कूड़े के आसपास घूम रही थी. तभी एक जोरदार धमाका हुआ, जिसे सुनकर प्रवीण भागे-भागे घटनास्थल पर पहुंचे. यहां आने पर उन्होंने देखा कि गाय के मुंह से खून निकल रहा है।

देसी बम को पत्तागोभी के कचरे की बोरी में छिपाकर रखा गया था, जिसे खाने के दौरान बम गाय के मुंह में फट गया. प्रवीण ने तुरंत फोन कर पुलिस को इस घटना की जानकारी दी. इसके बाद आनन-फानन में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गाय को इलाज के लिए सरकारी पशु अस्पताल में पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय किसानों ने फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले जंगली सूअरों को मारने के लिए चारे के रूप में बोरे के अंदर देसी बम छिपाया था. शुरुआती जांच से पता चला है कि ग्राम पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने गांव की सड़कों और गलियों से कूड़ा इकट्ठा किया था और उसे नदी किनारे लाकर फेंका था. फिलहाल अंबुर तालुक पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button