Uncategorised

आज राष्ट्रीय पंचायत दिवस पर छत्तीसगढ़ को मिलेंगे यह 12 पुरस्कार, वर्चुअल कार्यक्रम में पीएम मोदी देंगे पुरस्कार

रायपुर। राष्ट्रीय पंचायत दिवस के मौके पर नई दिल्ली में 24 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को 12 पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश को ये पुरस्कार प्रदान करेंगे। केन्द्रीय पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री नरेन्द्र तोमर भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। यह लगातार दूसरा वर्ष है जब प्रदेश की पंचायतीराज संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर के 12 पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। वर्ष 2020 में भी प्रदेश को ई-पंचायत पुरस्कार और 11 पंचायतीराज संस्थाओं को विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया था। उससे पहले 2019 में भी प्रदेश की पंचायतों को 11 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए थे। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस से पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में जुडेंगे।

इन पंचायतों को मिलेंगे पुरस्कार

प्रदेश की पंचायतों में आईसीटी (Information & Communication Technology) के इस्तेमाल में बेहतर प्रदर्शन के लिए भारत सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ का चयन ई-पंचायत पुरस्कार के लिए किया गया है। तीन अलग-अलग वर्गों में दिए जाने वाले इस पुरस्कार में छत्तीसगढ़ को प्रथम वर्ग (Category-I) में असम के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं केन्द्रीय पंचायती राज मंत्रालय द्वारा कोंडागांव जिला पंचायत, गरियाबंद और तिल्दा जनपद पंचायत तथा सरगुजा जिले के अंबिकापुर विकासखंड के सरगवां और लुंड्रा विकासखंड के रिरी, बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड के माहुद (अ), कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के महराटोला एवं रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के बैहार ग्राम पंचायत का चयन दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार के लिए किया गया है। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2021 के अंतर्गत बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड के दूरस्थ वनांचल गोटईगुड़ा ग्राम पंचायत को नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार, रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड के नवागांव (ल) को बाल हितैषी ग्राम पंचायत पुरस्कार और आरंग विकासखंड के बैहार को ग्राम पंचायत विकास योजना पुरस्कार दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button