खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

चुनावी सभा के मंच पर स्थानीय कांग्रेस नेता ने प्रियंका गांधी को भेंट किया खाली गुलदस्ता, जानिए फिर आगे क्या हुआ?

एक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने BJP पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा, ‘ये लोग चुनाव आने पर धर्म, जाति और घोषणाओं का खाली गुलदस्ता बार-बार दे रहे हैं…

इंदौर (ए)। इंदौर में चुनावी सभा के मंच पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के स्वागत के दौरान पार्टी के एक स्थानीय नेता ने उन्हें खाली गुलदस्ता भेंट कर दिया और यह देखकर खुद प्रियंका भी मुस्कुराए बिना न रह सकीं. इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. चश्मदीदों के मुताबिक चुनावी सभा को संबोधित करने के लिए इंदौर-5 विधानसभा क्षेत्र में पहुंचीं प्रियंका का जब मंच पर स्वागत किया जा रहा था, तब एक स्थानीय कांग्रेस नेता ने उन्हें खाली गुलदस्ता भेंट कर दिया. इस गुलदस्ते में चंद पत्तियां ही थीं और इसके फूल कहीं गिर गए थे।

चश्मदीदों ने बताया कि जब प्रियंका की नजर खाली गुलदस्ते पर पड़ी, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कांग्रेस नेता से कहा कि इसमें फूल नहीं हैं. इस पर कांग्रेस नेता झेंप गए. बाद में चुनावी सभा में अपने संबोधन के दौरान प्रियंका गांधी ने इस दिलचस्प वाकये का न केवल खुद जिक्र किया, बल्कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधने के लिए ”खाली गुलदस्ते” के जुमले का इस्तेमाल भी किया।

कांग्रेस महासचिव ने हंसते हुए कहा,”अभी जब मैं मंच पर आई थी, तब आपने देखा होगा कि किसी व्यक्ति ने मुझे एक गुलदस्ता पकड़ाया. उस गुलदस्ते में फूल ही नहीं थे और वह खाली था. वे (बीजेपी नेता) चुनाव आने पर धर्म, जाति और घोषणाओं का इसी तरह का गुलदस्ता बनाकर आपको (मतदाताओं) बार-बार दे रहे हैं.” प्रियंका गांधी ने कहा,”चुनाव के बाद आप जब यह गुलदस्ता देखते हैं, तो आपको पता चलता है कि इसमें फूल ही नहीं हैं और यह खाली और खोखला है।”

 

 

कांग्रेस महासचिव ने ‘खाली गुलदस्ते’ के जुमले के इस्तेमाल से जातिगत जनगणना के मुद्दे पर भी बीजेपी को घेरा. उन्होंने कहा,”आपने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह बात काफी सुनी होगी कि वह खासतौर पर अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को आगे बढ़ाना चाहते हैं. यह बात एक खाली गुलदस्ते की तरह है, क्योंकि जब हम कहते हैं कि देश में जातिगत जनगणना होनी चाहिए, तो ये लोग (बीजेपी) चुप रहते हैं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button