खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

छत्तीसगढ़ को करोड़ों की सौगात देने के बाद गोरखपुर जायेंगे पीएम मोदी: चित्रमय शिव महापुराण का करेंगे विमोचन, वंदे भारत को दिखाएंगे हरी झंडी, सीएम योगी ने किया औचक निरीक्षण

पीएम नरेंद्र मोदी गोरखपुर दौरे के दौरान गीता प्रेस का दौरा कर चित्रमय शिव महापुराण का विमोचन करेंगे. इसके अलावा वह वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे…

गोरखपुर (ए)। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शुक्रवार 7 जुलाई को गोरखपुर आएंगे. वे गोरखपुर में दो घंटे के करीब रहेंगे. यहां पर वे गीता प्रेस के शताब्‍दी वर्ष समारोह के समापन के मुख्‍य समारोह में सम्मिलित होंगे. इसके अलावा वे पूर्वोत्‍तर रेलवे की पहली वंदे भारत एक्‍सप्रेस को गोरखपुर रेलवे स्‍टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. पीएम नरेन्‍द्र मोदी के आगमन को लेकर शहर को स्‍वच्‍छ और सुंदर बनाने के साथ तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पीएम मोदी के आगमन के एक दिन पूर्व चाक-चौंबद सुरक्षा व्‍यवस्‍था के बीच रिहर्सल भी किया गया. प्रधानमंत्री की अगुआई राज्‍यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ करेंगे।

गोरखपुर में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी शुक्रवार 7 जुलाई को 1.30 बजे पहुंचेंगे. गुरुवार (6 जुलाई) की शाम गोरखपुर पहुंचे मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने गीता प्रेस और रेलवे स्‍टेशन के साथ वंदे भारत एक्‍सप्रेस का निरीक्षण किया. इसके साथ ही उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के हाथों 498 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले रेलवे स्‍टेशन के पुनर्विकास की तैयारियों और मॉडल को भी देखा. इस दौरान उन्‍होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए. उनके साथ निरीक्षण के दौरान गोरखपुर के सांसद रविकिशन, बांसगांव के सांसद कमलेश पासवान और रेलवे के अधिकारी भी उपस्थित रहे. 7 जुलाई को प्रधानमंत्री एयरपोर्ट से सड़क के रास्ते से सीधे गीता प्रेस जाएंगे।

गांधी शांति पुरस्‍कार मिले एक करोड़ नहीं लेगा गीता प्रेस गीता प्रेस में पीएम मोदी चित्रमय शिव महापुराण का विमोचन करेंगे. इसके साथ ही वे गीता प्रेस स्थित लीला चित्र मंदिर भी देखेंगे. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी गीता प्रेस के 100 साल पूरा होने पर यहां पर आने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं. कुछ ही दिन पहले गीता प्रेस को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की अध्‍यक्षता वाली समिति ने गांधी शांति पुरस्‍कार प्रदान करने की घोषणा की है. प्रधानमंत्री के हाथों गीता प्रेस ने प्रशस्ति पत्र स्‍वीकार करने की घोषणा की है. हालांकि एक करोड़ रुपए की धनराशि गीता प्रेस नहीं लेगा।

गोरखपुर में पीएम के दौरे को लेकर किया गया रुट डायवर्ट प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के आगमन को लेकर एक दिन पूर्व गुरुवार को रिहर्सल भी किया गया. यहां पर एयरपोर्ट से लेकर गीता प्रेस और रेलवे स्‍टेशन पर जाने के कार्यक्रम की रिहर्सल नियत समय पर की गई. शहर के उन मार्गों को कुछ देर के लिए ब्‍लॉक कर दिया गया, जहां से पीएम का काफिला गुजरना है. पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए सभी स्कूलों की एक से लेकर 12वीं तक की कक्षाओं के संचालन को सुबह 10.30 बजे के पहले तक कर दिया गया है. शहर के विभिन्‍न मार्गों पर रूट डायवर्जन भी किया गया है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।

68 स्थानों पर बीजेपी कार्यकर्ता पीएम के स्वागत के लिए होंगे खड़े बीजेपी के बेनीगंज स्थित कार्यालय पर महानगर की बैठक आयोजित हुई. गुरुवार (6 जुलाई) को हुई इस बैठक में प्रदेश उपाध्‍यक्ष एमएलसी डा. धर्मेन्‍द्र सिंह ने अध्‍यक्षता करते हुए पीएम के स्‍वागत को लेकर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए. एयरपोर्ट से गीता प्रेस और रेलवे स्‍टेशन के आगमन के दौरान शहर के 68 स्‍थानों पर बीजेपी कार्यकर्ता उनके स्‍वागत के लिए खड़े रहेंगे. बीजेपी के प्रदेश उपाध्‍यक्ष एमएलसी डा. धर्मेन्‍द्र सिंह ने बताया कि गोरखपुर में ऐतिहासिक स्‍वागत के लिए बैठक की गई है. वे गीता प्रेस के शताब्‍दी वर्ष समारोह और रेलवे स्‍टेशन पर वंदे भारत एक्‍सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे।

वंदे भारत का शेड्यूल और किराया तय पूर्वोत्‍तर रेलवे के मुख्‍य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि वंदे भारत एक्‍सप्रेस का शेड्यूल और किराया निर्धारित कर दिया गया है. उन्‍होंने बताया कि कल दोपहर 3.30 बजे वंदे भारत यहां से रवाना होगी. इसका इनागरल रन होने की वजह से इस टाइम को अलग रखा गया है. ये इनागरल रन के दौरान इसका स्‍टॉपेज इनागरल रन सहजनवां, संतकबीरनगर, बस्‍ती, बभनान, मनकापुर, अयोध्‍या, बाराबंकी होकर लखनऊ जाएगी. शेड्यूल ट्रेन सप्‍ताह में छह दिन रविवार से शुक्रवार तक चलेगी. ये ट्रेन 22549 गोरखपुर से चलेगी. लखनऊ से वापसी में ट्रेन का 22550 नंबर होगा।

ट्रेन सुबह 6 बजकर 5 मिनट पर गोरखपुर से प्रस्‍थान करेगी. 6 बजकर 54 मिनट पर बस्‍ती पहुंचेगी. 8 बजकर 17 मिनट पर अयोध्‍या से निकलेगी. 10 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ पहुंच जाएगी. इसी प्रकार वापसी यात्रा में ये ट्रेन लखनऊ से शाम 7 बजकर 15 मिनट पर निकलेगी. अयोध्‍या से 9 बजकर 15 मिनट पर निकलेगी. बस्‍ती से 10 बजकर 32 मिनट पर निकलेगी. गोरखपुर 11 बजकर 25 मिनट पर पहुंच सकेगी. इससे अयोध्‍या और लखनऊ जाकर दिनभर अपना काम करके वापस गोरखपुर पहुंच सकते हैं. अयोध्‍या जाने वाले श्रद्धालु भी आराम से वहां दर्शन करने जा सकते हैं. गोरखपुर से लखनऊ चलने वाली सबसे तेज ट्रेन से दो घंटे पहले पहुंचेगी. इसकी स्‍पीड 110 किमी प्रति घंटे है. इसके अलावा इसमें 530 लोगों के बैठने की व्‍यवस्‍था है।
 
गोरखपुर से लखनऊ के लिए चेयरकार का किराया 765 रुपए है. एक्‍जीक्‍यूटिव क्‍लास के लिए 1515 रुपए है. गोरखपुर से बस्‍ती के लिए चेयरकार का किराया 420 रुपए, एक्‍जीक्‍यूटिव क्‍लास के लिए 805 रुपए, गोरखपुर से अयोध्‍या के लिए चेयरकार का किराया 540 रुपए और एक्‍जीक्‍यूटिव क्‍लास के लिए 1060 रुपए किराया निधार्रित किया गया है. रेग्‍यूलर ट्रेन 9 जुलाई से चलाई जाएगी. प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का संभावित कार्यक्रम 3.30 बजे का है. उनके आने के बाद इसका फ्लैग ऑफ करने की संभावना है।

रेलवे के आईजी जय नारायण सिंह ने गोरखपुर रेलवे स्‍टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्‍होंने बताया कि रेलवे स्‍टेशन पर काफी संख्‍या में पुलिसकर्मियों को लगाया गया है. उन्‍होंने बताया कि सुरक्षा के पुख्‍ता इंतजाम किया गया है. उन्‍होंने बताया कि 50 उपनिरीक्षक और 300 मुख्‍य आरक्षी, दो कंपनी पीएसी और आरपीएफ के लोगों को काफी संख्‍या में लगाया जा रहा है. चेकिंग सभी आगमन द्वार पर किया जाएगा. आईजी जय नारायण सिंह ने बताया कि पुलिसबल काफी संख्‍या में सुरक्षा में लगेंगे. उन्‍होंने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर समन्‍वय स्‍थापित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button