देश-दुनियाफीचर्ड

शॉपिंग मॉल में आग का तांडव: 43 लोगों की झुलसने से मौत, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग

बेली रोड स्थित एक शॉपिंग मॉल में आग लग गई. इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की लपटों को इमारत से बाहर निकलते देखा जा सकता है…

नईदिल्ली (ए)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में गुरुवार (29 फरवरी) रात आग का तांडव देखने को मिला. राजधानी में एक छह मंजिला शॉपिंग मॉल में आग लगने से कम से कम 43 लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं. स्वास्थ्य मंत्री समंता लाल सेन ने कहा कि ढाका के डाउनटाउन इलाके में गुरुवार रात आग लगी. दमकलकर्मियों ने जिंदा बचे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. इस घटना में 43 लोगों की मौत हुई है, जबकि 22 लोगों का इलाज चल रहा है।

 

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मॉल के भीतर से दमकलकर्मियों ने जली हुई लाशों को बाहर निकाला है. मंत्री समंता लाल सेन ने कहा कि महिलाओं और बच्चों समेत 33 लोगों को ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 10 लोगों को ‘शेख हसीना नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी’ में लेकर जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इन्हें भी मृत घोषित कर दिया. आग लगने की ये घटना बेली रोड इलाके के शॉपिंग मॉल में सामने आई, जहां कई सारे रेस्तरां हैं।

 

दमकलकर्मियों ने कहा कि शॉपिंग मॉल की पहली मंजिल पर मौजूद एक फेमस रेस्तरां से आग लगने की शुरुआत हुई. इसके बाद देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. आग इस वजह से भी तेजी से फैली, क्योंकि कई रेस्तरां में गैस सिलिंडर मौजूद थे. आग लगने की वजह से कई सारे लोग इमारत के भीतर ही फंस गए. अभी तक आग लगने की असल वजह का पता नहीं चल पाया है. दमकल विभाग ने एक टीम का गठन किया है, जो शॉपिंग मॉल में आग लगने के कारणों का पता लगाने वाली है।

 

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, फायर सर्विस एंड सिविल डिफेंस डायरेक्टर जनरल ब्रिगेडियर एमडी. मैनुद्दीन ने बताया कि आग को काबू में करने के लिए दर्जनों दमकल की टीमों को तैनात किया गया. कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया. दमकलकर्मियों ने बताया कि शॉपिंग मॉल के भीतर से कम से कम 75 लोगों को बचाया गया है, जिसमें से 42 बेसुध हालात में बाहर निकाले गए. इनमें से ज्यादातर धुएं की वजह से बेहोश हो गए थे।

ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, दमकलकर्मियों ने बताया कि आग ‘कच्ची भाई’ नाम के एक रेस्तरां में रात 9.45 बजे लगी और इसे 12.30 बजे रात को जाकर बुझाया गया. इस दौरान दर्जनों लोगों की मौत हो गई. कुछ लोगों ने आग की चपेट में आने या घुटन होने की वजह से इमारत से कूदना सही समझा, लेकिन नीचे गिरकर उनकी भी मौत हुई है. इस घटना के ढेरों वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें लोगों को रोते बिलखते हुए देखा जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button