खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी ने दुर्गापुर में 5400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में ₹5400 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ममता बनर्जी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि टीएमसी के ‘गुंडा टैक्स’ की वजह से राज्य में निवेशक आने से डरते हैं…

 

 

दुर्गापुर (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में 5,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर भी बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल में कोई निवेशक नहीं आ रहे हैं। यहां का विकास रुक गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि टीएमसी के ‘गुंडा टैक्स’ की वजह से राज्य में निवेशक आने से डरते हैं। इस तरह की भ्रष्ट और भय की राजनीति ने बंगाल की आर्थिक प्रगति को रोक दिया है और युवाओं को रोजगार से वंचित किया है।

 

पीएम ने इस रैली में दुर्गापुर के लिए कहा कि ये न केवल इस्पात नगरी है, बल्कि भारत की श्रमशक्ति का भी एक बड़ा केंद्र है। पीएम ने बताया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ेगी और गैस आधारित परिवहन को भी मजबूती मिलेगी। जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि  ये पहल भारत को विकसित बनाने की दिशा में अहम कदम हैं। हमें बंगाल को इस बुरे दौर से बाहर निकालना है, और आज यहां जिन परियोजनाओं की शुरुआत हुई है, वो इसी का प्रतीक हैं।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने बताया आज पूरा देश एक ही लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहा है। इस दौरान उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए तीन मूल मंत्र भी दिए और कहा कि इसका रास्ता सिर्फ विकास से सशक्तिकरण, रोजगार से आत्मनिर्भरता और संवेदनशीलता से सुशासन है। इन तीन मूलमंत्रों पर काम करते हुए सरकार देश के प्रत्येक कोने तक विकास पहुंचा रही है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल के लिए बड़े सपने देखे हैं। हम एक समृद्ध पश्चिम बंगाल बनाना चाहते हैं। ये सारी परियोजनाएं, इस सपने को साकार करने का प्रयास हैं।

दुर्गापुर और रघुनाथपुर की फैक्ट्रियों को नई तकनीक
पीएम मोदी ने बताया कि दुर्गापुर और रघुनाथपुर की फैक्ट्रियों में नई तकनीक के साथ काम हो रहा है। 1,500 करोड़ रुपये का निवेश इन इकाइयों को अपग्रेड करने में किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे उत्पादन में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी बनेंगे। साथ ही पश्चिम बंगाल की जनता को उन्होंने इस विकास के लिए बधाई दी।

बंगाल के युवा पलायन को मजबूर
इस दौरान पीएम ने ये भी कहा कि आज बंगाल अपने बुरे दौर से गुजर रहा है। एक समय था जब लोग यहां देशभर से रोजगार के लिए आते थे, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह उलट गई है। पश्चिम बंगाल का नौजवान पलायन के लिए मजबूर है। छोटे-छोटे काम के लिए भी उसे दूसरे राज्यों की तरफ जाना पड़ रहा है। बंगाल विकास चाहता है और अगर भाजपा आई तो बंगाल को विकास की रफ्तार मिलेगी। यहां के युवाओं को रोजगार मिलेगा।

 

गैस आधारित कनेक्टिविटी को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश में गैस कनेक्टिविटी के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। एलपीजी सिलेंडर आज हर घर तक पहुंच चुका है, और इस उपलब्धि की सराहना दुनिया भर में हुई है। ‘वन नेशन, वन गैस ग्रिड’ के तहत ‘प्रधानमंत्री ऊर्जा योजना’ को गति दी जा रही है। इसमें पश्चिम बंगाल समेत छह पूर्वी राज्यों में गैस पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जिससे उद्योग और परिवहन क्षेत्र में नई ऊर्जा आएगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर को माना विकास की नींव
पीएम मोदी ने बताया कि भारत के बदलते इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से दुनिया आज भारत के विकास की चर्चा कर रही है। सड़क, रेल, गैस, हवाई अड्डों जैसे बुनियादी ढांचे में हो रहा परिवर्तन ‘विकसित भारत’ की नींव रख रहा है। दुर्गापुर में भी इन परियोजनाओं के जरिए एक नया युग शुरू हो रहा है, जिससे लोगों की जिंदगी आसान और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button