दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे ने जनपद पंचायत पाटन के गांवों में चल रहे शासकीय योजनाओ के क्रियान्वयन की समीक्षा

दुर्ग। आज दिनांक 28 सितम्बर 2025 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत दुर्ग बजरंग दुबे द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र एवं गोधाम योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा हेतु जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत औरी, जलगांव म. एवं तर्रा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री दुबे द्वारा अपूर्ण प्रधानमंत्री आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा अप्रारंभ आवासों का कार्य तत्काल प्रारंभ करने हेतु निर्देश दिए गए।

अटल डिजिटल सुविधा केंद्र के माध्यम से महतारी वंदन योजना की लाभान्वित महिलाओं सहित अन्य सभी हितग्राहियों के लेन-देन समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए साथ ही, एनपीसीआई मैपिंग एवं अन्य डिजिटल लेन-देन संबंधित कार्य बैंक सखी के माध्यम से पंचायत स्तर पर कराने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किश्त शीघ्र जारी करने तथा जनपद पंचायत द्वारा 1% ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई, जिससे हितग्राहियों को आवास निर्माण में सहायता मिल सके।

ग्राम पंचायत तर्रा में गोधाम योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा के दौरान, पशुओं के ठहराव एवं चारे की व्यवस्था का अवलोकन किया गया तथा इस दिशा में समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि प्राप्त करने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं करने वाले हितग्राहियों को चिन्हांकित कर, उनके विरुद्ध आरसी प्रकरण दर्ज कर वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश भी सीईओ द्वारा दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सीईओ, जिला समन्वयक (प्रधानमंत्री आवास योजना), सहायक परियोजना अधिकारी (मनरेगा), कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा), तकनीकी सहायक, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं आवास मित्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button