खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

जीत के लिए 200 रन का टारगेट देकर भी हारा गुजरात: शशांक और आशुतोष ने पलटी बाज़ी, मुंह से छीनी जीत

गुजरात ने पंजाब किंग्स को 200 रन का लक्ष्य दिया था. हालांकि पंजाब की टीम शुरुआत में लड़खड़ाई, लेकिन यहां जानिए कैसे उन्होंने रोमांचक मुकाबले को जीत लिया है…

मोहाली (ए)। 4 अप्रैल को आईपीएल 2024 में गुजरात टाइटंस बनाम पंजाब किंग्स मैच हुआ. गुजरात ने पहले खेलते हुए 199 रन बनाए. शुभमन गिल ने 89 रन की नाबाद पारी खेली, वहीं राहुल तेवतिया ने भी 23 रन की तूफानी पारी खेलकर खूब चर्चा बटोरी. 200 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम लगातार विकेट गंवाती रही. कोई बड़ी पार्टनरशिप पनप नहीं पा रही थी, लेकिन इस बीच शशांक सिंह ने पंजाब की मैच में वापसी करवाई. उनके अलावा अंतिम ओवरों में इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए आशुतोष शर्मा ने तूफानी पारी खेलकर पंजाब किंग्स को 3 विकेट से जीत दिलाई।

पंजाब एक समय 70 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन यहां से शशांक सिंह ने जिम्मेदारी संभाली. आशुतोष की 31 रन की तूफानी पारी से मैच काफी हद तक पंजाब के पक्ष में आ गया था. मगर अंतिम ओवर में उनका विकेट गिरने से रोमांच एक बार फिर बढ़ गया था. चौथी गेंद पर शशांक के बल्ले से चौका आया और उसके बाद पांचवीं गेंद पर लेग बाई के रन की बदौलत पंजाब ने गुजरात के मुंह से जीत छीन ली है।

गुजरात टाइटंस ने ऋद्धिमान साहा का विकेट जल्दी गंवा दिया था, जो केवल 11 रन बना पाए. केन विलियमसन ने काफी समय बाद आईपीएल में कोई मैच खेला, जो 22 गेंद में 26 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. साई सुदर्शन ने 19 गेंद में 33 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर एक बार फिर प्रभावित किया. दूसरे छोर से कप्तान शुभमन गिल लगातार गेंदबाजों की धुनाई कर रहे थे, जिन्होंने 6 चौके और 4 छक्के लगाते हुए 48 गेंद में 89 रन की नाबाद पारी खेली. वहीं अंतिम ओवरों में राहुल तेवतिया ने 8 गेंद में 23 रन की तूफानी पारी खेलकर गुजरात को 199 रन के स्कोर तक पहुंचाया।

पंजाब किंग्स के लिए शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो ने पारी की शुरुआत की. धवन केवल 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए जॉनी बेयरस्टो काफी अच्छे टच में नजर आ रहे थे, लेकिन नूर अहमद की जादुई गेंद पर बोल्ड हो गए. उन्होंने 13 गेंद में 22 रन बनाए. प्रभसिमरन सिंह को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन नूर अहमद ने उन्हें भी 35 रन के स्कोर पर चलता किया. टीम लगातार विकेट गंवा रही थी, लेकिन एक छोर से शशांक सिंह डटे हुए थे. उन्होंने टीम की मैच में वापसी करवाते हुए 29 गेंद में 61 रन की पारी खेलकर पंजाब की जीत में अहम योगदान दिया. दूसरी ओर इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए आशुतोष शर्मा ने 17 गेंद में 31 रन की तूफानी पारी खेली।

15वें ओवर के बाद पंजाब किंग्स का स्कोर 5 विकेट पर 138 रन था. हालांकि राशिद खान द्वारा डाले गए 16वें ओवर में 15 रन आए, लेकिन उन्होंने जितेश को आउट भी किया. मोहित शर्मा ने अगले ओवर में केवल 6 रन दिए, जिससे आखिरी 3 ओवर में 41 रन की जरूरत थी. गुजरात के गेंदबाज अगले 2 ओवरों में 34 रन दे बैठे, जिससे आखिरी ओवर में पंजाब को मात्र 7 रन की जरूरत थी. अंतिम ओवर भी रोमांच से भरा रहा, लेकिन एक गेंद शेष रहते पंजाब ने इस मैच को 3 विकेट से जीत लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button