खास खबरफीचर्डविविध

टी20 में चार महीने से चला आ रहा भारत का विजयी अभियान रुका, साउथ अफ्रीका ने 3 विकेट से हराया

गकेबरहा में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 124 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने ट्रिस्टन स्टब्स की 47* रनों की धमाकेदार पारी की बदौलत 19 ओवर में सात विकेट पर 128 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया…

 

नईदिल्ली (ए)। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे टी20 मैच में भारत को तीन विकेट से हराकर पिछली हार का बदला ले लिया। इससे पहले भारत ने मेजबानों को पहले टी20 मुकाबले में 61 रन से हराया था। रविवार को द. अफ्रीका ने जीत के साथ सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली। बता दें कि, गकेबरहा में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 124 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने ट्रिस्टन स्टब्स की 47* रनों की धमाकेदार पारी की बदौलत 19 ओवर में सात विकेट पर 128 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया। भारत की नजर अब तीसरे टी20 मुकाबले पर होगी, जो 13 नवंबर को सेंचुरियन में खेला जाएगा।

इस शिकस्त के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत की जीत का रथ थम गया। टी20 विश्व कप 2024 के बाद टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे का दौरा किया था। इस दौरान दोनों के बीच खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में शुभमन गिल की टीम ने 4-1 से जीत हासिल की थी। इसके बाद टीम ने श्रीलंका दौरे पर 3-0 से जीत दर्ज की जबकि सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने बांग्लादेश को भी घरेलू सीरीज में 3-0 से मात दी। इस तरह टीम इंडिया का जुलाई से चला आ रहा जीत का सिलसिला रुक गया। इस दौरान भारत ने कुल 11 मुकाबले अपने नाम किए।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मैच में वरुण चक्रवर्ती ने प्रभावित किया। उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से मेजबानों की आधी टीम को पवेलियन भेजा। स्टार स्पिनर ने अपने चार ओवर के कोटे में 4.25 की इकोनॉमी से गेंदबाजी की और पांच विकेट हासिल किए। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला पांच विकेट हॉल है। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 17 रन खर्च किए। हालांकि, स्टब्स ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया और 15वें ओवर से मैच दक्षिण अफ्रीका की तरफ मोड़ दिया।
दक्षिण अफ्रीका की पारी
ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार पारी खेल दक्षिण अफ्रीका को दूसरे टी20 मुकाबले में भारत के खिलाफ जीत दिलाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और उसने 86 रन पर सात विकेट गंवा दिए थे। एक समय ऐसा लग रहा था कि भारत वरुण की अगुआई में गेंदबाजों के दम पर इस मैच को अपने नाम करने में सफल रहेगा, लेकिन स्टब्स ने अंत में आक्रामक अंदाज में खेलना शुरू किया और टीम को जीत दिलाई। उन्होंने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को निशाने पर लिया और टीम को मुश्किल स्थिति से उबारा। स्टब्स ने 47 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। इसमें उनका साथ गेराल्ड कोएत्जे ने दिया। उन्होंने 19* रन बनाए। इस मैच में रयान रिकल्टन ने 13, रीजा हेंड्रिक्स ने 24, एडेन मार्करम ने तीन, मार्को यानसेन ने सात, क्लासेन ने दो, मिलर ने शून्य और सिमीलाने ने सात रन बनाए। भारत के लिए वरुण ने पांच, रवि बिश्नोई और अर्शदीप सिंह ने एक-एक विकेट लिया।
भारत की पारी
भारत ने दूसरे टी20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका के सामने 125 रनों का लक्ष्य रखा। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने भारत को शुरुआती झटके देकर भारतीय बल्लेबाजों को विशाल स्कोर खड़ा करने से रोका। भारत के लिए ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा 45 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 39 रन बनाए। हार्दिक के अलावा अक्षर पटेल ने 21 गेंदों पर 27 रन और तिलक वर्मा ने 20 गेंदों पर 20 रन की पारी खेली। भारत की शुरुआत काफी खराब रही और उसने पहले ही ओवर में संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया था जिन्होंने पिछले मैच में शतक जड़ा था। अभिषेक शर्मा एक बार फिर असफल रहे और प्रभावित नहीं कर सके। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने पावरप्ले में कसी हुई गेंदबाजी की और भारत को इस दौरान तीन झटके दिए। भारतीय टीम अंत तक शुरुआती झटकों से नहीं उबर सकी, लेकिन हार्दिक की सधी हुई पारी से लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। दक्षिण अफ्रीका के लिए मार्के येनसेन, गेराल्ड कोएट्जे, आंदिले सिमेलाने, एडेन मार्करम और निकाबायोम्जी पीटर ने एक-एक विकेट झटके।

टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत की लगातार सबसे ज्यादा जीत (सुपर ओवर जीत के साथ)

मैच अवधि जीत की संख्या
नवंबर 2021 – फरवरी 2022 12
दिसंबर 2003 – जून 2024 12
जुलाई 2024 – नवंबर 2024 11

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button