खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

पीएम मोदी को सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर से किया गया सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। बीते जुलाई माह में ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’, से सम्मानित किया गया था…

 

नईदिल्ली (ए)। डोमिनिका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया है। डोमिनिका की राष्ट्रपति सिलवेनी बर्टन ने प्रधानमंत्री मोदी को इस सम्मान से सम्मानित किया। फरवरी 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने डोमिनिका को एक बहुमूल्य उपहार देते हुए कोरोना वैक्सीन एस्ट्राजेनेका की 70 हजार डोज की आपूर्ति की थी। प्रधानमंत्री मोदी की इसी उदारता को पहचानते हुए डोमिनिका की सरकार ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित करने का फैसला किया था।

डोमिनिका के सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर पीएम मोदी ने राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन, प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट और डोमिनिका के लोगों का आभार जताया। डोमिनिका के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान केवल मेरा नहीं बल्कि भारत के 140 करोड़ लोगों का, उनके संस्कार और उनकी परंपरा का है। हम दो लोकतंत्र हैं और हम दोनों पूरे विश्व के लिए महिला सशक्तिकरण के रोल मॉडल हैं।
उन्होंने कहा कि  दोनों ही देशों में महिला राष्ट्रपति हैं…भारत और डोमिनिका के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंध हैं…भारत के लिए यह गहरे संतोष का विषय रहा है कि हम कोविड-19 जैसी आपदा के समय डोमिनिका के लोगों की सहायता कर सके।

हाल ही में डोमिनिका की सरकार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी को गुयाना में आयोजित होने जा रहे आगामी भारत-कैरीकोम सम्मेलन के दौरान इस सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। उसमें पीएम मोदी को सच्चा दोस्त बताते हुए यह भी कहा गया था कि  पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने डोमिनिका को स्वास्थ्य, शिक्षा और आईटी के क्षेत्र में भी काफी मदद की है। भारत द्वारा डोमिनिका में जलवायु परिवर्तन का मुकाबला करने की दिशा में भी मदद की जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कई देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। बीते जुलाई माह में ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को अपने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’, से सम्मानित किया गया था।

उससे पहले पीएम मोदी को भूटान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो से भी सम्मानित किया गया। भूटान ने पहली बार किसी गैर भूटानी व्यक्ति को यह सम्मान दिया है। प्रधानमंत्री मोदी को संयुक्त अरब अमीरात, अफगानिस्तान, बहरीन और सऊदी अरब, फ्रांस, मिस्त्र, फिजी, पापुआ न्यू गिनी, पलाऊ, अमेरिका, मालदीव, फलस्तीन के भी शीर्ष नागरिक पुरस्कार मिल चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button