खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

तमिलनाडु में तबाही मचाने के बाद आज आंध्रप्रदेश पहुंच रहा चक्रवात मिचौंग, रेल के बाद अब हवाई सेवा प्रभावित, कई जिलों में अलर्ट

तमिलनाडु में तबाही मचाने के बाद चक्रवात मिचौंग आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है. चक्रवात के कारण चेन्नई और उसके आस-पास भारी बारिश दर्ज की गई…

नईदिल्ली (ए)। चक्रवात मिचौंग सोमवार को एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया. यह नेल्लोर से 80 किमी दक्षिण पूर्व और चेन्नई के 120 किमी उत्तर-उत्तर पूर्व में केंद्रित है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात मिचौंग 5 दिसंबर को आंध्र प्रदेश के बापटला के करीब नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच टकरा सकता है. चक्रवात के कल दोपहर नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच टकराने की उम्मीद है।

चक्रवात मिचौंग इस समय बंगाल की खाड़ी के ऊपर घूम रहा है और आंध्र तट की ओर बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने बताया गंभीर चक्रवाती तूफान पश्चिम मध्य और उससे सटे दक्षिण आंध्र प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और निकटवर्ती उत्तरी तमिलनाडु के तटों की ओर बढ़ गया. इस दौरान उसकी स्पीड 12 किमी प्रति घंटा रही।

इस कारण तमिलनाडु और पुडुचेरी में मूसलाधार बारिश हुई है. इस दौरान चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, नागापट्टिनम, तिरुवल्लूर और कुड्डालोर जिलों सहित उत्तरी तटीय तमिलनाडु में भारी बारिश दर्ज की गई।

चेन्नई पुलिस ने बारिश से संबंधित घटनाओं में अब तक तीन लोगों की मौत की सूचना दी है. चेन्नई के अधिकांश हिस्से जलमग्न हैं और निचले इलाकों में बाढ़ आ गई है. इसके अलावा के आसपास के भी कई इलाकों में बाढ़ आ गई है. यहां राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

इतना ही तेज हवाओं के कारण विभिन्न स्थानों पर पेड़ उखड़ने  की सूचनाएं भी मिली हैं.  भारी बारिश के कारण व्यासरपाडी और बेसिन ब्रिज के बीच ब्रिज नंबर 14 पर जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया है. इसके चलते चेन्नई सेंट्रल से जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनें सोमवार को रद्द कर दी गईं. इसके अलावा चेन्नई एयरपोर्ट को भी मंगलवार सुबह 9 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया है।

राज्य में खराब मौसम के कारण चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपट्टू में सभी शैक्षणिक संस्थान, सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक उपक्रम, निगम, बोर्ड, बैंक और वित्तीय संस्थान बंद कर दिए गए हैं. बारिश के कारण तमिलनाडु के पल्लीकरनई में बाढ़ आ गई. यहां पानी का बहाव इतना तेज कि सड़कों पर कई कारें बह गईं।

भारी बारिश की आशंका के बीच आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने तैयारियों के लिए लगभग 8 जिलों में अधिकारियों को अलर्ट जारी किया है. लगातार बारिश के कारण आंध्र प्रदेश स्थित तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम ने भक्तों को श्री कपिलतीर्थम झरने पर पवित्र स्नान करने से अस्थायी रूप से रोक दिया है।

आंध्र प्रदेश सीएमओ का कहना है कि बापटला कलेक्टरेट ने स्थानीय लोगों की सुरक्षा और राहत कार्यों के लिए त्वरित और व्यापक उपाय किए हैं. चक्रवात के मद्देनजर अधिकारियों को सतर्क कर दिया गया है. साथ ही 24 घंटे स्थिति के कोऑर्डिनेशन और मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।

इसके अलावा खराब मौसम को देखते हुए टीडीपी महासचिव नारा लोकेश ने अपनी ‘युवा गलम’ पदयात्रा  को तीन दिनों के लिए स्थगित कर दिया है

आईएमडी ने उत्तर-तटीय तमिलनाडु और पुडुचेरी में 4 और 5 दिसंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी थी. साथ ही मौसम विभाग ने 4 और 5 दिसंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा  संभावना जताई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button