खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

तीन लाफिंग इमोजी के साथ पीएम मोदी ने लिखा, ‘‘देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के भाषणों को सुनें…

सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़ी शराब कंपनी के ठिकानों पर लगातार तीसरे दिन आयकर विभाग की छापेमारी जारी है. इसमें अब तक 220 करोड़ रुपये से अधिक की कैश की जब्ती हुई है…

नईदिल्ली (ए)। झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के ठिकानों पर छापेमारी में मिले 220 करोड़ रुपये से अधिक के कैश मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष पर बड़ा हमला किया है.उन्होंने तीन लाफिंग इमोजी के साथ सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मीडिया रिपोर्ट शेयर किया और लिखा, ‘‘देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के भाषणों को सुनें…जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है।’’

लीक से हटकर पोस्ट साथ ही पीएम मोदी ने क्रॉस और डॉलर की इमोजी भी लगाई. आम तौर पर प्रधानमंत्री मोदी अपने हैंडल से बयान के साथ इमोजी नहीं लगाते रहे हैं. ऐसे में उनके इस ट्वीट ने कई लोगों को ध्यान खींचा. पीएम मोदी ने जिस खबर को शेयर किया है उसमें नोटों से भरी कई अलमारियों की तस्वीर देखी जा सकती है।

इस बीच न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा स्थित शराब बनाने वाली बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज के खिलाफ कर चोरी के आरोप में शुक्रवार को तीसरे दिन भी छापे मारे. उन्होंने बताया कि इस दौरान नकदी से भरे 156 बैग बरामद किए. नोटों की गिनती जारी है. बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज धीरज प्रसाद साहू की कंपनी है।

आयकर विभाग ने क्या कहा? उन्होंने बताया कि इन बैग से बरामद नकदी में से अब तक 20 करोड़ रुपये गिने जा चुके हैं. इसके साथ ही छापेमारी में अब तक 220 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं. विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बोलांगीर जिले के सुदापाड़ा में छापेमारी के दौरान नकदी से भरे 156 बैग बरामद किए. एक अधिकारी ने कहा, ‘‘156 बैग में से केवल छह-सात की गिनती की गई, जिसमें 20 करोड़ रुपये की रकम पाई गई।’’

देश की सबसे बड़ी शराब बनाने वाली और बिक्री करने वाली कंपनियों में शुमार ‘बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज’ के बोलांगीर कार्यालय पर छापेमारी के दौरान गुरुवार को लगभग 200 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए. आयकर विभाग के पूर्व आयुक्त शरत चंद्र दास ने कहा कि यह ओडिशा में आयकर विभाग द्वारा अब तक की सबसे बड़ी नकदी जब्ती हो सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button