खास खबरफीचर्डविविध

तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी का हुआ अनावरण, 20 जून से शुरू होगा पांच टेस्ट मैचों का सीरीज

इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के अनावरण की घोषणा की। बोर्ड ने बताया कि पटौदी की विरासत को कोई हानि नहीं पहुंचेगी। इस सीरीज को जीतने वाली टीम के कप्तान को पटौदी मेडल सौंपा जाएगा…

 

नईदिल्ली (ए)। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज अब तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के लिए खेली जाएगी। इससे पहले इस सीरीज को पटौदी ट्रॉफी के लिए खेला जाता था। गुरुवार को इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी के अनावरण की घोषणा की। बोर्ड ने बताया कि पटौदी की विरासत को कोई हानि नहीं पहुंचेगी। इस सीरीज को जीतने वाली टीम के कप्तान को पटौदी मेडल सौंपा जाएगा।

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली टेस्ट सीरीज का नाम तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी रखा जाएगा।इससे पहले दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली यह सीरीज पदौटी ट्रॉफी के नाम से जानी जाती थी। इंग्लैंड और भारत के बीच टेस्ट सीरीज को पटौदी ट्रॉफी के लिए खेला जाता था। इसका नाम इफ्तिखार अली खान पटौदी और उनके बेटे मंसूर अली खान पटौदी के नाम पर रखा गया था। मार्च में ईसीबी ने पटौदी परिवार को लिखा था कि वे ट्रॉफी को रिटायर करना चाहते हैं। हालांकि, अब इसका नाम बदलकर तेंदुलकर-एंडरसन ट्रॉफी कर दिया गया है।

इस मौके पर जेम्स एंडरसन ने कहा- मेरे और मेरे परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है क्योंकि इस प्रतिष्ठित सीरीज का नाम सचिन और मेरे नाम पर रखा गया है। हमारे दोनों देशों के बीच प्रतिद्वंद्विता हमेशा से ही कुछ खास रही है, जो इतिहास, तीव्रता और अविस्मरणीय क्षणों से भरपूर है। वहीं, सचिन तेंदुलकर ने कहा- मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट जीवन का प्रतीक है। आप अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं और अगर चीजें गलत हो जाती हैं तो यह आपको फिर से संगठित होने, सोचने, भूलने और वापसी करने के लिए एक और दिन देता है। यह खेल का सर्वोच्च रूप है जो आपको सभी बाधाओं के बावजूद धीरज, अनुशासन और अनुकूलनशीलता सिखाता है। मैं अपनी नींव टेस्ट क्रिकेट से रखता हूं, क्योंकि इसने मुझे निराशाओं से जीत तक, आकांक्षाओं से पूर्णता तक बढ़ते देखा है।

भारतीय टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर है। इस सीरीज का पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स में खेला जाएगा। वहीं, दूसरा टेस्ट दो जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा। तीसरा टेस्ट 10 जुलाई से लॉर्ड्स में खेला जाएगा, जबकि चौथा टेस्ट मैनचेस्टर में 23 जुलाई से खेला जाएगा। पांचवां टेस्ट 31 जुलाई से लंदन के ओवल में खेला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button