खास खबरछत्तीसगढ़दुर्ग-भिलाईदेश-दुनियाफीचर्ड

80 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिया दिवाली का तोहफा, अब 5 साल और फ्री में मिलता रहेगा राशन

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत करीब 80 करोड़ गरीब लोगों को हर महीने राशन मिलता है. पीएम मोदी ने इस योजना को 5 साल के लिए बढ़ाने का ऐलान किया है…

दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के करोड़ों गरीब लोगों को शनिवार को दिवाली का तोहफा दे दिया. उन्होंने केंद्र सरकार की फ्री राशन योजना प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना को 5 साल के लिए बढ़ाने का ऐलान किया. इस योजना के तहत देश के करोड़ों गरीब लोगों को सरकार की ओर से राशन मुहैया कराया जाता है. योजना के विस्तार का ऐलान ऐसे समय किया गया है, जब एक सप्ताह बाद दिवाली का त्योहार है।

प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने फ्री राशन स्कीम को पांच साल बढ़ाने का ऐलान किया. छत्तीसगढ़ में इसी महीने चुनाव होने वाले हैं. 90 सीटों वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए 7 नवंबर और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होने वाला है. ऐसे में पीएम मोदी के ऐलान को चुनावों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।

केंद्र सरकार ने कोरोना महामारी के बाद पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना की शुरुआत की थी. कोरोना महामारी के बाद लॉकडाउन समेत कई सख्त पाबंदियां लगाई गई थीं. उससे लोगों की आजीविका पर असर हुआ था. खासकर गरीबों के सामने खाने-पीने का संकट उत्पन्न हो गया था. ऐसे में पीएम मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने गरीब आबादी की मदद के लिए फ्री राशन स्कीम की शुरुआत की थी. बताया जाता है कि इस योजना का लाभ 80 करोड़ देशवासी उठा रहे हैं।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत लाभार्थियों को पांच किलो गेहूं या चावल मिलता है. लाभार्थियों को यह अनाज फ्री में मिलता है. केंद्र सरकार ने इसे सबसे पहले 30 जून 2020 को शुरू किया था. उसके बाद इसे कई मौकों पर बढ़ाया जा चुका है. अभी यह योजना दिसंबर 2023 में यानी अगले महीने समाप्त होने वाली थी. अब 5 साल के विस्तार के बाद लोगों को दिसंबर 2028 तक इस योजना का लाभ मिलता रहेगा।

पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम गरीब कल्याण योजना के बारे में कहा, मैंने निश्चय कर लिया है कि देश के 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली योजना को भाजपा सरकार अब 5 साल के लिए और बढ़ाएगी और ये मैं आज ही घोषणा करता हु। आपका प्यार और आशीर्वाद मुझे हमेशा पवित्र निर्णय लेने की ताकत देता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button