दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

दिव्यांग युवती को राशन लेने में हो रही थी परेशानी, कलेक्टर के निर्देश पर ई-पास मशीन लेकर घर पहुंचे दुकानदार

दुर्ग। कलेक्टर जनदर्शन में पिछले सप्ताह दिव्यांग युवती मुर्शरत परवीन ने अपनी तकलीफ साझा की थी। मुशर्रत ने बताया था कि उन्हें दिव्यांगता की वजह से दुकान तक पहुंचने में समस्या होती है। कलेक्टर ने मौके पर ही फूड कंट्रोलर सीपी दीपांकर को युवती के मदद करने निर्देश दिये। इसके तुरंत बाद फूड कंट्रोलर ने दुकानदार को निर्देशित किया। दुकानदार ई-पास मशीन लेकर युवती के घर पहुंचे। उन्होंने ई-पास मशीन से युवती का थंब इंप्रेशन लिया और उन्हें राशन मिल गया।

युवती ने जनदर्शन में बताया था कि उनके माता-पिता का निधन हो चुका है और दिव्यांगता की वजह से वे राशन दुकान तक नहीं पहुंच पाती। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया था कि जल्द ही उनकी समस्या दूर हो जाएगी। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर जनदर्शन में विभिन्न आवेदनों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर स्वयं इनकी समीक्षा कर रहे हैं और नियमित रूप से हर शुक्रवार को जनदर्शन में आये आवेदनों की समीक्षा की जाती है। दिव्यांगजनों के मामलों में भी विशेष रूप से समाज कल्याण विभाग एवं नगरीय निकायों को निर्देशित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों एक बुजुर्ग दिव्यांग दंपत्ति ने अपनी समस्या कलेक्टर के समक्ष रखी थी। उन्होंने अपने घर में अवैध कब्जे की समस्या रखी थी, कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम धमधा ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की और दिव्यांग दंपत्ति को उनके घर में प्रवेश दिलाया। उल्लेखनीय है कि कल ही जनदर्शन में एक दिव्यांग नागरिक को इलेक्ट्रिक बैटरी युक्त गाड़ी देने के निर्देश कलेक्टर ने दिये थे।

Related Articles

Back to top button