दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

सीमा सुरक्षा बल द्वारा आयोजित आदिवासी युवा विनिमय कार्यक्रम का पहला जत्था दिल्ली के लिए रवाना

भिलाई। 15वाँ आदिवासी युवा विनिमय कार्यक्रम के तहत दिनांक 14 अक्टूबर 2023 को जिला कांकेर, छत्तीसगढ़ के अति दुर्गम एवम् नक्सल प्रभावित क्षेत्रों से 15 आदिवासी युवा लड़के एवं 15 युवा लड़कियों के पहले जत्थे को दुर्ग रेलवे स्टेशन से दिल्ली के लिए रवाना किया गया। सीमा सुरक्षा बल के 02 पु़रूष सुरक्षा अधिकारी और 01 महिला सुरक्षा अधिकारी भी इनके साथ रवाना हुए। ये जत्था दिल्ली में भारत के विभिन्न राज्यों के अन्य आदिवासी युवाओं से मिलकर अन्य राज्यों की संस्कृति से रूबरू होगा।

इस कार्यक्रम के अंतर्गत आदिवासी युवक एवं युवतियों को उनके उज्ज्वल भविष्य तथा अधिकार के बारे में उचित व उपयुक्त जानकारी प्रदान की जायेगी, साथ ही साथ अन्य राज्यों से भाग लेने वाले युवक-युवतियों के बीच मेल-मिलाप बढ़ेगा, जिससे वे एक-दूसरे के खान-पान, रहन-सहन, सांस्कृतिक गतिविधियाँ एवं वेशभूषा से रूबरू होंगे। इस कार्यक्रम में सभी राज्यों के स्थानीय लोक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जायेगी साथ ही दिल्ली के प्रसिद्ध, दर्शनीय एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

नेहरू युवा केन्द्र संगठन, नई दिल्ली (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) एवं गृह मंत्रालय के संयुक्त तत्वाधान में 15 वाँ आदिवासी युवा विनिमय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम की अवधि 07 दिन है। छत्तीसगढ के कांकेर जिले में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के नक्सल प्रभावित इलाके से इस वर्ष कुल 04 भ्रमण कार्यक्रमों के अतंर्गत 18 से 22 वर्ष आयु वर्ग के 130 चयनित युवा भाग ले रहे है।

इस आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियों में संवैधानिक अधिकारियों और प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ संवाद सत्र, पैनल चर्चा, व्याख्यान सत्र, आजादी का अमृत महोत्सव के तहत गतिविधियां, भाषण प्रतियोगिता, कैरियर संबंधी मार्गदर्शन, चल रहे खेल आयोजनों के बारे में जानना शामिल है। इसके अलावा प्रतिभागी दिल्ली के उद्योगो एवं सुरक्षा बलों के कैंपो का भ्रमण करेंगे।

इस कार्यक्रम के पहले जत्थे को दिल्ली रवाना करते हुए सतीश एस खण्डारे, आईपीएस, महानिरीक्षक, सीमा सुरक्षा बल सीमांत मुख्यालय (विशेष संक्रिया) छत्तीसगढ़ एवं अजय अग्रवाल, उपमहानिरीक्षक (इंटेलीजेंस) ने बधाई व शुभकामनाएँ दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button